दिल्ली में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ गया है। इससे राजधानी के कई निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। स्थिति को देखते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और उन्हें चौबीसों घंटे सतर्क रहने का आदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की सुरक्षा और त्वरित राहत कार्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही न हो और मदद तुरंत पहुंचाई जाए।
बैठक के बाद रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, “आज मैंने यमुना के जलस्तर और भारी बारिश की स्थिति की समीक्षा के लिए दिल्ली के सभी जिलाधिकारियों के साथ एक ऑनलाइन बैठक की। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निगरानी लगातार जारी रहे और राहत कार्य समय पर पूरे हों। दिल्ली के हर नागरिक की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार की पूरी टीम हालात पर नजर रख रही है और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सरकार द्वारा जारी किए गए निर्देशों का पालन करें।
शुक्रवार सुबह यमुना का जलस्तर थोड़ा कम हुआ। पुराने रेलवे पुल पर सुबह 7 बजे जलस्तर 207.33 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जबकि सुबह 6 बजे यह 207.35 मीटर था। हालांकि जलस्तर में मामूली कमी आई है, लेकिन अभी भी खतरा टला नहीं है। यही वजह है कि प्रशासन लगातार हालात पर नज़र बनाए हुए है।
Copyright © 2025 The Samachaar
