पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की तबीयत खराब हो गई है, जिसके चलते आज शाम होने वाली राज्य कैबिनेट की बैठक रद्द कर दी गई है। बैठक की नई तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी।
दरअसल, मुख्यमंत्री मान ने पंजाब में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए कैबिनेट बैठक बुलाई थी। इस बैठक में राहत और बचाव कार्यों को लेकर अहम फैसले लिए जाने थे। लेकिन अचानक उनकी सेहत बिगड़ जाने के कारण बैठक स्थगित करनी पड़ी।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री मान को तेज बुखार है और फिलहाल वह अपने सरकारी आवास पर आराम कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी उनसे मिलने पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री की तबीयत का हालचाल लिया और उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना की।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री मान लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे थे। बीते कई दिनों से वह राहत कार्यों की निगरानी कर रहे थे और प्रशासन को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। लगातार काम और दौरे के कारण उनकी सेहत बिगड़ गई।
पंजाब के कई जिले इस समय बाढ़ की चपेट में हैं। गाँव-गाँव में पानी भरने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री मान खुद हालात का जायजा लेने के लिए लगातार प्रभावित क्षेत्रों में जाते रहे। स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद वे लोगों से मिलते रहे और प्रशासन को राहत सामग्री समय पर पहुँचाने का निर्देश देते रहे।
अब जबकि उनकी तबीयत नाज़ुक हुई है, तो डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है। सरकार की ओर से कहा गया है कि मुख्यमंत्री की हालत में सुधार हो रहा है और जल्द ही कैबिनेट बैठक की नई तारीख तय कर दी जाएगी।
Copyright © 2025 The Samachaar
