पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक नया कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को आम आदमी क्लीनिक के लिए विशेष व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा का शुभारंभ किया. इस सुविधा के जरिए अब राज्य के नागरिक बिना अस्पताल जाए, अपने मोबाइल फोन पर ही स्वास्थ्य संबंधी कई सेवाओं का लाभ ले सकेंगे.
यह सुविधा खासतौर पर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों के लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी, जो अक्सर बुनियादी इलाज के लिए लंबी दूरी तय करते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस डिजिटल पहल से पंजाब की जनता को "गति, पारदर्शिता और सुगमता" के साथ स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी.
सीएम भगवंत मान ने बताया कि इस चैटबॉट के माध्यम से मरीजों को दवाइयों की पर्ची, मेडिकल टेस्ट रिपोर्ट, और अन्य जरूरी सूचनाएं सीधे उनके व्हाट्सएप पर भेजी जाएंगी. साथ ही, मरीज अपने आगामी अपॉइंटमेंट की जानकारी ले सकेंगे और डॉक्टर से परामर्श भी प्राप्त कर सकेंगे.
पंजाब में फिलहाल 881 आम आदमी क्लीनिक संचालित हो रहे हैं, जहां लोगों को मुफ्त जांच, दवाइयां, और परामर्श सेवाएं दी जाती हैं। इन क्लीनिकों ने अब तक 2.07 करोड़ से अधिक मरीजों को सेवा दी है और 72 लाख से ज्यादा टेस्ट मुफ्त में किए गए हैं.सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इन क्लीनिकों के कारण लोगों को औसतन 1200 करोड़ रुपये की बचत हुई है, जो पहले निजी अस्पतालों और लैब पर खर्च होते थे.
मुख्यमंत्री मान ने इसे "जनता के लिए डिजिटल सशक्तिकरण" की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि हर पंजाबी को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिले. यह व्हाट्सएप चैटबॉट आम जनता और सरकारी व्यवस्था के बीच की दूरी को खत्म करेगा.
Copyright © 2026 The Samachaar
