भारत राष्ट्र समिति (BRS) ने मंगलवार को पार्टी की विधान परिषद सदस्य (MLC) और पूर्व मुख्यमंत्री व पार्टी अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव (KCR) की बेटी के. कविता को पार्टी से बाहर कर दिया। पार्टी ने इसे अनुशासनात्मक कार्रवाई बताया है।
BRS के अनुशासन मामलों के प्रभारी महासचिव सोमा भारत कुमार और संगठन महासचिव टी. रविंद्र राव ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष KCR ने तुरंत प्रभाव से कविता को निलंबित करने का फैसला लिया।
पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हाल ही में कविता का व्यवहार और उनके बयान पार्टी विरोधी गतिविधियों की श्रेणी में आते हैं। पार्टी का मानना है कि उनकी गतिविधियों और बयानों से संगठन की छवि और मजबूती को नुकसान हो रहा है।
यह कार्रवाई उस समय हुई जब सोमवार को कविता ने अपने ही चचेरे भाइयों पूर्व सिंचाई मंत्री टी. हरीश राव और पूर्व सांसद जे. संतोष राव पर गंभीर आरोप लगाए। कविता ने कहा कि इन दोनों ने कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना में भारी संपत्ति बनाई और उनके पिता KCR को बलि का बकरा बना दिया।
कविता का कहना था कि जब पार्टी अध्यक्ष को ही कालेश्वरम प्रोजेक्ट में कथित अनियमितताओं के मामले में आरोपी बनाया जा रहा है और सीबीआई जांच का सामना करना पड़ रहा है, तो फिर ऐसी पार्टी के बने रहने का क्या मतलब रह जाता है? उन्होंने सीधे तौर पर हरीश राव और संतोष राव पर भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार ठहराया और उन्हें “भ्रष्टाचार के अजगर” तक कह डाला।
दरअसल, कविता पहले से ही पार्टी में दबाव का सामना कर रही थीं। उन्हें दिल्ली शराब नीति घोटाले के मामले में सीबीआई ने 16 मार्च 2024 को गिरफ्तार किया था और लगभग छह महीने जेल में रहना पड़ा। 24 अगस्त 2024 को जेल से बाहर आने के बाद वह सक्रिय राजनीति में लौट आईं। इस दौरान उन्होंने पिछड़ा वर्ग (OBC) के मुद्दों को स्वतंत्र रूप से उठाना शुरू कर दिया, जिससे पार्टी नेतृत्व और नाराज हो गया।
Copyright © 2026 The Samachaar
