चारधाम यात्रा के दौरान एक कपल का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह वीडियो केदारनाथ धाम के पैदल रूट का बताया जा रहा है. इस हरकत ने देशभर के श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. हालांकि हम इस वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं.
यह पहली बार नहीं है जब केदारनाथ धाम की मर्यादा के खिलाफ ऐसी गतिविधियां सामने आई हैं. इससे पहले भी मंदिर के कपाट खुलने से पहले डीजे डांस का एक वीडियो वायरल हो चुका है. इससे साफ है कि कुछ तीर्थयात्री धाम की गरिमा का ध्यान नहीं रख रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बावजूद अब तक कपल के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. हालांकि, पुलिस ने कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स से यह वीडियो हटवाया है. लेकिन सवाल उठता है कि ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?
यहां देखें Viral Video:
केदारनाथ धाम में अश्लील हरकत करते कैमरे में कैद हुआ कपल #kedarnathtemple #DroneAttack #War2 pic.twitter.com/nglwoZjPnb
— Dauram Madhepura (@MadhepuraDauram) May 20, 2025
उप जिलाधिकारी ऊखीमठ, अनिल शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि पवित्र स्थल पर इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले ही धामों में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर रोक लगाई थी. गाइडलाइन के अनुसार, मंदिर परिसर में मोबाइल फोन से रील्स बनाना प्रतिबंधित है और उल्लंघन करने पर ₹5000 का जुर्माना भी तय किया गया है.
BKTC ने साफ कहा है कि धार्मिक स्थलों की गरिमा को नुकसान पहुंचाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी. खासकर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूबर्स के वीडियो कंटेंट पर नजर रखी जा रही है ताकि धर्मस्थलों को प्रमोशन का अड्डा न बनाया जा सके. तीर्थयात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए टोकन व्यवस्था भी लागू की गई है ताकि कम समय में अधिक श्रद्धालु दर्शन कर सकें. इसके बावजूद, सोशल मीडिया पर फेम पाने की होड़ में कुछ लोग मर्यादाओं को भूल रहे हैं.
Copyright © 2026 The Samachaar
