AC Fridge TV Hike: अप्रैल का महीना शुरू होते ही आम लोगों के खर्चों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। खासकर इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने वालों के लिए यह समय थोड़ा भारी पड़ सकता है। हाल के दिनों में जहां स्मार्टफोन और लैपटॉप की कीमतों में इजाफा देखा गया है, वहीं अब फ्रिज, एसी और स्मार्ट टीवी जैसे जरूरी घरेलू उपकरण भी महंगे हो सकते हैं। गर्मी के मौसम में जिन चीजों की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, उन्हीं को खरीदना अब पहले से ज्यादा खर्चीला साबित हो सकता है।
इलेक्ट्रॉनिक सामान के दाम बढ़ने के पीछे कई कारण हैं। सबसे बड़ा कारण है कच्चे माल की कीमतों में तेजी। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट का खर्च भी बढ़ गया है, जिससे कंपनियों की कुल लागत में इजाफा हुआ है। ऐसे में कंपनियां इस बढ़ी हुई लागत का बोझ सीधे ग्राहकों पर डाल रही हैं।
अनुमान लगाया जा रहा है कि फ्रिज, एसी और स्मार्ट टीवी की कीमतों में करीब 5 से 6 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है। मेमोरी चिप्स की कमी भी एक बड़ी वजह है, जिसका असर कई इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स की कीमतों पर पड़ रहा है।
स्मार्ट टीवी बनाने में मेमोरी चिप्स और LCD पैनल का इस्तेमाल होता है। इन दोनों की कमी के चलते कंपनियों की लागत बढ़ रही है। खासतौर पर 32, 43, 55 और 65 इंच वाले टीवी मॉडल्स पर इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।
जिन लोगों को लैपटॉप खरीदना है. उन लोगों को भी झटका लग सकता है। प्रोसेसर, GPU और RAM जैसे जरूरी पार्ट्स महंगे होने के कारण लैपटॉप की कीमतों में इस साल 30 से 35 प्रतिशत तक बढ़ोतरी संभव है। जो लैपटॉप पहले 30-35 हजार रुपये में मिल जाते थे, अब उनकी कीमत 45 हजार रुपये तक पहुंच रही है।
Copyright © 2026 The Samachaar
