Punjab Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम अब धीरे-धीरे करवट बदलता नजर आ रहा है. ठंड का असर कम होने लगा है और दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के मुताबिक आज पूरे प्रदेश में मौसम सामान्य रूप से साफ बना हुआ है और फिलहाल बारिश या घने कोहरे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. हालांकि, कई जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे धूप के बावजूद हल्की ठंड का एहसास बना रह सकता है.
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के अधिकतम तापमान में औसतन 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से अधिक मानी जा रही है. राज्य में सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान होशियारपुर में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
मौसम विभाग के अनुसार इस समय उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं चल रही हैं, जो पहाड़ी इलाकों से मैदानी क्षेत्रों की ओर आ रही हैं. इन हवाओं का असर पूर्वी पंजाब के करीब 15 जिलों में देखने को मिल रहा है. इनमें अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर, लुधियाना, रूपनगर, मोहाली और पटियाला सहित अन्य जिले शामिल हैं. आने वाले दो दिनों तक इसी तरह की हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
राज्य के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 21.8 से 25.6 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है. वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 6.8 से 11.2 डिग्री सेल्सियस के दायरे में आ गया है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में दिन के समय हल्की गर्मी महसूस की जा सकती है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर अफगानिस्तान में बना पश्चिमी विक्षोभ अब उत्तरी पाकिस्तान की ओर बढ़ चुका है और यह समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है. हालांकि, 8 फरवरी की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे पहाड़ी इलाकों में मौसम बदल सकता है, लेकिन इसका पंजाब पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा.
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल सिंह के अनुसार पंजाब में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. साथ ही कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
Copyright © 2026 The Samachaar
