लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने 35,179 वोट हासिल किए और 10,637 वोटों की बड़ी बढ़त के साथ विजेता बने।
लेकिन सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह रही कि शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार परउपकार सिंह घुम्मण न सिर्फ हार गए, बल्कि अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए। उन्हें सिर्फ 8,203 वोट मिले और वह चौथे स्थान पर रहे।
दूसरे नंबर पर कांग्रेस के भारत भूषण आशु रहे, जिन्हें 24,542 वोट मिले। भाजपा के उम्मीदवार जीवन गुप्ता को 20,323 वोट मिले और वे तीसरे नंबर पर रहे। यानी अकाली दल भाजपा से भी पीछे रह गया।
अकाली दल ने परउपकार सिंह घुम्मण को पहले ही मैदान में उतार दिया था, जिससे उन्हें प्रचार के लिए ज्यादा समय मिला। इसके बावजूद, उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। कई लोगों का मानना है कि अकाली दल ने उम्मीदवार के चयन में गलती की।
अगर 2022 के चुनाव से तुलना करें, तो उस समय अकाली दल के उम्मीदवार महेशइंदर सिंह ग्रेवाल को 10,072 वोट मिले थे, जो परउपकार सिंह से ज्यादा थे। यानी इस बार अकाली दल का प्रदर्शन और कमज़ोर हो गया है।
इस हार से यह साफ हो गया है कि लुधियाना में अकाली दल की पकड़ काफी कमजोर हो चुकी है, और पार्टी को अपनी रणनीति और नेतृत्व पर फिर से सोचने की जरूरत है।
Copyright © 2026 The Samachaar
