Punjab News : लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट के उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने बड़ी जीत दर्ज की है। पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने 10,637 वोटों की भारी बढ़त के साथ जीत हासिल की। उन्हें कुल 35,179 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के भारत भूषण आशु को 24,542 और भाजपा के जीवन गुप्ता को 20,323 वोट प्राप्त हुए।
इस शानदार जीत के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ट्वीट कर पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा को बधाई दी और इसे राज्य में आम आदमी पार्टी सरकार के कामकाज पर जनता की मुहर बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत दिखाती है कि पंजाब की जनता उनकी सरकार से संतुष्ट है और उन्हें विश्वास है कि राज्य की तरक्की का काम तेज़ी से आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, "लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत पर सभी को बधाई। भारी लीड के साथ मिली जीत दर्शाती है कि राज्य के लोग हमारी सरकार के काम से बेहद खुश हैं। हम पंजाब की तरक्की और खुशहाली के लिए बिना भेदभाव और ईमानदारी से दिन-रात काम कर रहे हैं।"
भगवंत मान ने आगे लिखा कि यह जीत आम आदमी पार्टी के नेतृत्व और हजारों वालंटियरों की मेहनत का नतीजा है, जिन्होंने दिन-रात एक कर मैदान में डटे रहकर जनता तक सरकार की उपलब्धियां और योजनाएं पहुंचाईं।
उन्होंने कहा, "हमने उपचुनाव के दौरान जो भी वादे पंजाबियों से किए थे, उन्हें हम प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेंगे। यह जीत केवल एक सीट की नहीं, बल्कि पूरे पंजाब के लोगों के विश्वास और समर्थन की जीत है।"
संजीव अरोड़ा की जीत के साथ ‘आप’ ने यह सीट बरकरार रखी है, जो जनवरी में विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन के कारण खाली हुई थी। यह जीत पार्टी के लिए उस समय बेहद अहम है जब दिल्ली चुनाव में हार के बाद पार्टी को मजबूत जनसमर्थन की जरूरत थी।
इस नतीजे के बाद यह साफ हो गया है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता बनी हुई है और मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में पार्टी लगातार जनता से जुड़ाव बनाए हुए है।
Copyright © 2026 The Samachaar
