पंजाब पुलिस ने बटाला में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान एक मुठभेड़ के बाद छह आतंकियों को गिरफ्तार किया गया, जो हाल ही में बटाला की एक शराब की दुकान पर हुए नाकाम ग्रेनेड हमले में शामिल थे।
इस ऑपरेशन का संचालन विदेश में बैठे आतंकियों पुर्तगाल स्थित मनिंदर बिल्ला और मन्नू अगवान द्वारा किया जा रहा था। ये दोनों अमेरिका में गिरफ्तार BKI आतंकी हैप्पी पासियन की गैरमौजूदगी में संगठन की कमान संभाल रहे थे।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए संदिग्धों में जतिन कुमार उर्फ रोहन, बरिंदर सिंह उर्फ साजन, राहुल मसीह, अब्राहम उर्फ रोहित, सोहित और सुनील कुमार शामिल हैं। एक आरोपी ने पुलिस पर गोलीबारी की, जिसके जवाब में वह घायल हो गया और अब अस्पताल में भर्ती है।
मौके से 30 बोर की पिस्तौल बरामद की गई है और इनके खिलाफ UAPA और BNS की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
इस बीच, एनआईए ने गुरदासपुर में हुए पुलिस स्टेशन ग्रेनेड हमले के सिलसिले में 15 ठिकानों पर छापेमारी की है। छापों में मोबाइल, डिजिटल डिवाइस और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया कि अमेरिका और पाकिस्तान में बैठे BKI आतंकी हैप्पी पासियन, रिंदा और उनके साथी भारत में आतंकियों की भर्ती, फंडिंग और हथियार सप्लाई की साजिश रच रहे थे।
यह कार्रवाई पंजाब में आतंकी नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
Copyright © 2026 The Samachaar
