पंजाब के होशियारपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक 62 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह वारदात उस वक्त हुई, जब महिला धार्मिक स्थल पर माथा टेककर अपने घर लौट रही थी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी हुई है.
पुलिस के अनुसार, मृतक महिला होशियारपुर के मेहंदवानी गुजरां गांव की रहने वाली थी. वह पास स्थित धार्मिक स्थल ‘भूरी वालेयां दी कुटिया’ में मत्था टेकने गई थीं. पूजा-अर्चना के बाद जैसे ही वह घर की ओर लौट रही थीं, तभी मोटरसाइकिल पर सवार एक अज्ञात हमलावर ने उन्हें निशाना बना लिया. हमलावर ने बेहद नजदीक से महिला पर कई गोलियां चलाईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.
गोली लगने के बाद महिला को तुरंत गंभीर हालत में सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया.
पुलिस ने बताया कि मृतक महिला के पति शाम लाल पंजाब पुलिस में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर के पद से रिटायर्ड हो चुके हैं. इस वजह से भी यह मामला और संवेदनशील हो गया है. परिजनों और गांव के लोगों का कहना है कि महिला का किसी से कोई विवाद नहीं था, जिससे हत्या के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
डीएसपी दलजीत सिंह खाख ने बताया कि घटना के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गया. हमलावर की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस अलग-अलग एंगल से मामले की जांच कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल इस हत्या में किसी गैंगस्टर एंगल के संकेत नहीं मिले हैं. शुरुआती जांच में यह एक सुनियोजित हमला प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसके पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा.
इस सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
Copyright © 2026 The Samachaar
