MS Dhoni trademark: भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल और शांत मिजाज वाले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब अपने मशहूर उपनाम 'Captain Cool' को कानूनी पहचान दिलाने जा रहे हैं. धोनी ने 5 जून को भारत सरकार के ट्रेडमार्क पोर्टल पर इस नाम का रजिस्ट्रेशन फाइल किया है. माना जा रहा है कि यह कदम ब्रांडिंग और बिजनेस की दुनिया में उनकी नई शुरुआत का संकेत है.
धोनी का ‘Captain Cool’ नाम उनके क्रिकेट करियर की सबसे बड़ी पहचान बन चुका है. मैदान पर उनकी ठंडी सोच और मुश्किल हालात में भी स्थिरता ने उन्हें इस उपनाम का हकदार बनाया है। अब इस नाम को वे खुद की ब्रांडिंग और व्यवसायिक पहचान में तब्दील करने की ओर बढ़ चुके हैं.
महेंद्र सिंह धोनी को ‘Captain Cool’ इसलिए कहा जाता है क्योंकि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई मौकों पर बेहद दबाव में भी खुद को शांत रखा. 2007 का टी20 वर्ल्ड कप, 2011 का वनडे वर्ल्ड कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी जैसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट्स में भारत को विजेता बनाकर उन्होंने साबित किया कि वे असली ‘कूल कप्तान’ हैं. मैदान पर उनकी चालाक रणनीति और त्वरित निर्णय उन्हें अन्य कप्तानों से अलग बनाते हैं.
धोनी का यह ट्रेडमार्क रजिस्ट्रेशन न केवल कानूनी अधिकार की दिशा में कदम है, बल्कि यह भविष्य की ब्रांडिंग रणनीति का भी हिस्सा है. जैसे क्रिस्टियानो रोनाल्डो का 'CR7' और माइकल जॉर्डन का 'Air Jordan' ग्लोबल ब्रांड बन गए हैं, वैसे ही 'Captain Cool' भी धोनी के नाम और काम को दुनिया भर में पहचान दिला सकता है। संभव है कि वे इस नाम से मर्चेंडाइज, फैशन, गेमिंग या फिटनेस से जुड़े प्रोडक्ट्स लॉन्च करें.
धोनी ने IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अपना आखिरी लीग मैच खेला था, लेकिन उन्होंने रिटायरमेंट को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की. उन्होंने कहा था: "मेरे पास 4-5 महीने हैं सोचने के लिए। हर साल शरीर को फिट रखना और मेहनत करना मुश्किल होता जा रहा है. जरूरी यह नहीं है कि आप रन बना रहे हैं या नहीं, बल्कि यह है कि आप टीम के लिए कितने उपयोगी हैं। अभी फैसला करने की कोई जल्दी नहीं है.
Copyright © 2026 The Samachaar
