नई दिल्ली : लौकी एक बहुपयोगी सब्जी है, जिसे सब्जी और कोफ्ते दोनों रूपों में बड़े चाव से खाया जाता है. यदि इसे सही तरीके से पकाया जाए तो इसका स्वाद लाजवाब होता है और ये सेहत के लिए भी बहुत लाभकारी होती है. मगर एक आम समस्या ये है कि बाजार से अच्छी लौकी चुनना सभी को नहीं आता. खासकर बीज वाली लौकी अक्सर स्वाद, पैसा और मूड तीनों ही खराब कर देती है. इसलिए जरूरी है कि कुछ आसान किचन टिप्स अपनाकर कम बीज वाली ताजा लौकी की सही पहचान की जाए.
बाजार में मिलने वाली लौकियों में से हमेशा छोटी या मीडियम साइज की लौकी ही चुनें. बड़ी लौकी में बीज ज्यादा और गूदा सख्त होता है, जो स्वाद में असर डालता है.
लौकी को हाथ में लेकर उसका वजन महसूस करें. हल्की लौकी आमतौर पर ज्यादा रसदार और कम बीज वाली होती है, जबकि भारी लौकी में बीज ज्यादा हो सकते हैं.
ताजा लौकी की पहचान उसके छिलके से की जा सकती है. चिकना, चमकदार और हल्के हरे रंग वाला छिलका दर्शाता है कि लौकी अच्छी है. पीला या कठोर छिलका पुरानी लौकी का संकेत है, जिसमें बीज ज्यादा होते हैं.
हल्के हाथ से लौकी को दबाएं. यदि लौकी सख्त महसूस हो, तो ये कम बीज वाली हो सकती है. वहीं, नरम लौकी में बीज ज्यादा होने की संभावना रहती है.
लौकी का डंठल भी उसकी ताजगी को दिखाता है. हरा और नरम डंठल ताजगी की निशानी है, जबकि सूखा हुआ डंठल ये बताता है कि लौकी पुरानी है.
अगर आप चाहती हैं कि आपकी लौकी की सब्जी या कोफ्ते स्वादिष्ट बनें और सेहत के लिए भी फायदेमंद रहें, तो इन टिप्स को अपनाकर ही बाजार से लौकी खरीदें.
Copyright © 2026 The Samachaar
