गर्मी में शरीर को ठंडक देने और वजन घटाने की चाह रखने वालों के बीच अक्सर एक सवाल उठता है चिया सीड्स बेहतर हैं या सब्जा सीड्स? दिखने में दोनों ही छोटे-छोटे बीज एक जैसे लगते हैं, लेकिन इनका स्वाद, पोषण और स्वास्थ्य पर असर एक-दूसरे से काफी अलग होता है. कई लोग इन्हें एक ही समझने की गलती कर बैठते हैं, जिससे अपेक्षित फायदे नहीं मिल पाते. अगर आप भी इसी उलझन में हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद काम की है.
चिया सीड्स छोटे, अंडाकार और भूरे-काले चमकदार बीज होते हैं. इन्हें फूलने में 30 मिनट से 1 घंटे तक का समय लगता है और ये जेल जैसे ट्रांसपेरेंट रूप में बदल जाते हैं. वहीं सब्जा सीड्स (या तुलसी बीज) पूरी तरह काले और खुरदरे होते हैं, जो कलौंजी जैसे दिखते हैं. ये सिर्फ 10–15 मिनट में फूल जाते हैं और इनके चारों ओर सफेद परत बन जाती है.
चिया सीड्स का कोई विशेष स्वाद नहीं होता, इसलिए इन्हें स्मूदी, ओट्स, योगर्ट या सलाद में आसानी से मिलाया जा सकता है. वहीं सब्जा सीड्स का स्वाद हल्का-सा तुलसी जैसा होता है और यह शरबत, रू अफ्ज़ा और ठंडाई में खूब इस्तेमाल होता है.
चिया सीड्स में फाइबर, ओमेगा-3 फैटी एसिड, प्रोटीन, कैल्शियम और मैग्नीशियम अधिक मात्रा में होता है. यह वजन घटाने, हड्डियों की मजबूती और दिल की सेहत के लिए फायदेमंद हैं. सब्जा सीड्स शरीर को ठंडक देने, पाचन सुधारने और लू से बचाने में कारगर हैं. इनमें फाइबर और आयरन तो होता है लेकिन ओमेगा-3 फैटी एसिड नहीं होता.
अगर आप वजन घटाना चाहते हैं, तो चिया सीड्स आपको लंबे समय तक भूख नहीं लगने देंगे क्योंकि इनमें फाइबर ज्यादा होता है. हालांकि, इनकी कैलोरी थोड़ी अधिक होती है. सब्जा सीड्स कम कैलोरी वाले होते हैं, इसलिए डिटॉक्स ड्रिंक के तौर पर इनका ज्यादा इस्तेमाल होता है.
अगर आप वजन घटाना चाहते हैं और शरीर को एनर्जी देना चाहते हैं, तो चिया सीड्स बेहतर विकल्प हैं. वहीं अगर आप शरीर को ठंडक और पाचन को सुधारना चाहते हैं, तो सब्जा सीड्स ज्यादा फायदेमंद हैं. आपकी जरूरत और शरीर की प्रतिक्रिया के अनुसार दोनों ही सुपरफूड्स को अपनी डाइट में शामिल किया जा सकता है.
(Disclaimer: यह स्टोरी सामान्य जानकारियों पर आधारित है. किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या में विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें.)
Copyright © 2026 The Samachaar
