Border 2 Review: 1997 की फेमस फिल्म ‘बॉर्डर’ की कहानी को आगे बढ़ाती फिल्म ‘बॉर्डर 2’ आज 23 जनवरी को पूरे देश में रिलीज हो चुकी है. फिल्म के रिलीज होते ही इसका पहला रिव्यू भी सामने आ गया है. शुरुआती प्रतिक्रिया काफी सही बताई जा रही है और इसे लोगों के लिए एक प्रभावशाली एक्सपीरिएंस माना जा रहा है.
फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने सोशल मीडिया पर ‘बॉर्डर 2’ का रिव्यू शेयर किया है. उन्होंने फिल्म को 4.5 स्टार दिए हैं. उनके अनुसार ये फिल्म देश और सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान और गर्व की भावना जगाती है. उन्होंने निर्देशक अनुराग सिंह के काम की भी सराहना की और कहा कि फिल्म भावनाओं और कहानी दोनों के स्तर पर मजबूत है, साथ ही ये पुरानी ‘बॉर्डर’ फिल्म की भावना को बनाए रखती है.
रिव्यू में फिल्म के वॉर सीन की खास तारीफ की गई है. बताया गया है कि एक्शन केवल दिखाने के लिए नहीं है, बल्कि कहानी और किरदारों की भावनाओं को आगे बढ़ाता है. फिल्म में युद्ध के दृश्य और इंसानी भावनाओं के बीच अच्छा संतुलन देखने को मिलता है, जिससे कहानी और असरदार बनती है.
फिल्म के डायलॉग्स को सधे हुए और असरदार बताया गया है. कहा जा रहा है कि कई संवाद लोगों को तालियां बजाने पर मजबूर कर सकते हैं. संगीत भी फिल्म की बड़ी ताकत माना गया है. पुराने गानों ‘घर कब आओगे’ और ‘जाते हुए लम्हों’ के नए रूप लोगों को भावुक कर सकते हैं और कहानी से जोड़ते हैं.
परफॉर्मेंस की बात करें तो सनी देओल को फिल्म की जान बताया गया है. उनके दमदार संवाद और मौजूदगी फिल्म को मजबूती देती है. वरुण धवन को रिव्यू में एक सुखद सरप्राइज कहा गया है, जिन्होंने गंभीर और संवेदनशील किरदार को अच्छे से निभाया है. इसके अलावा दिलजीत दोसांझ की स्क्रीन प्रेजेंस को भी सराहा गया है, जबकि अहान शेट्टी ने अनुभवी कलाकारों के बीच अपनी पहचान बनाने की कोशिश की है.
‘बॉर्डर 2’ 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी है. फिल्म में सैनिकों के साहस, बलिदान और देशप्रेम को केंद्र में रखा गया है. सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य बैकग्राउंड में नजर आते हैं. फिल्म को 23 जनवरी को, गणतंत्र दिवस से ठीक पहले रिलीज किया गया है, जिससे देशभक्ति की भावना और गहरी होती है.
फिल्म व्यापार से जुड़े लोगों का मानना है कि ‘बॉर्डर 2’ की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर मजबूत हो सकती है, खासकर सिंगल स्क्रीन थिएटरों में. सनी देओल की लोकप्रियता और देशभक्ति विषय दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकती है.
Copyright © 2026 The Samachaar
