व्हाट्सऐप आज देश के करोड़ों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है. मैसेज भेजना, कॉल करना और स्टेटस देखना सब कुछ इसी ऐप पर होता है. अब चर्चा है कि आने वाले समय में व्हाट्सऐप को पूरी तरह बिना विज्ञापन इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को पैसे देने पड़ सकते हैं. कंपनी एक ऐसे सब्सक्रिप्शन ऑप्शन पर काम कर रही है, जिससे विज्ञापन हटाए जा सकें.
पिछले साल मेटा ने व्हाट्सऐप के स्टेटस और चैनल सेक्शन में विज्ञापन दिखाने शुरू किए थे. इससे पहले तक व्हाट्सऐप पर किसी तरह के विज्ञापन नहीं होते थे. इसलिए जब यूजर्स ने अचानक स्टेटस और चैनल में एड देखे, तो कई लोगों को ये बदलाव पसंद नहीं आया. सोशल मीडिया पर इसका विरोध भी हुआ, लेकिन कंपनी ने इस फैसले को वापस नहीं लिया.
अब खबरें हैं कि व्हाट्सऐप एक नए सब्सक्रिप्शन प्लान पर काम कर रहा है. इस प्लान का मेन उद्देश्य यूजर्स को विज्ञापन से राहत देना हो सकता है. यानी जो लोग स्टेटस और चैनल बिना एड देखना चाहते हैं, उन्हें इसके लिए पैसे देना पड़ सकता है. हाल ही में व्हाट्सऐप के एक टेस्ट वर्जन में ऐसे संकेत मिले हैं, जिनसे ये अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंपनी इस दिशा में तैयारी कर रही है.
अब तक सामने आई जानकारियों के अनुसार, इस सब्सक्रिप्शन प्लान में किसी खास या नए फीचर की उम्मीद कम है. माना जा रहा है कि इसका फोकस केवल विज्ञापन हटाने तक सीमित रहेगा. यानी चैट, कॉल या अन्य सुविधाओं में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. जो लोग अभी मुफ्त में ऐप चला रहे हैं, वे पहले की तरह इसका इस्तेमाल कर सकेंगे, लेकिन उन्हें विज्ञापन देखने पड़ सकते हैं.
सबसे बड़ा सवाल ये है कि इस सब्सक्रिप्शन की कीमत क्या होगी. फिलहाल कंपनी ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है. ये भी साफ नहीं है कि ये प्लान सभी देशों में एक साथ आएगा या कुछ चुनिंदा जगहों पर ही उपलब्ध होगा. इससे पहले मेटा ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर कुछ क्षेत्रों में एड-फ्री ऑप्शन दिया था, वो भी खास परिस्थितियों में.
अगर ये प्लान लागू होता है, तो यूजर्स के पास दो ऑप्शन होंगे या तो मुफ्त में विज्ञापन के साथ व्हाट्सऐप इस्तेमाल करें, या पैसे देकर बिना विज्ञापन एक्सपीरिएंस लें. आने वाले समय में ये देखना दिलचस्प होगा कि कितने लोग इसके लिए भुगतान करने को तैयार होते हैं और कंपनी इस योजना को कैसे आगे बढ़ाती है.
Copyright © 2026 The Samachaar
