शिरोमणि अकाली दल के नेता सरबजीत सिंह झिंजर ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की सेहत और अस्पताल में भर्ती होने के पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि यह मामला केवल स्वास्थ्य से जुड़ा है या इसके पीछे कोई राजनीतिक रणनीति है. झिंजर ने यहां तक पूछा कि क्या यह मुख्यमंत्री को पद से हटाने की तैयारी का हिस्सा हो सकता है.
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री को रविवार शाम फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बताया गया कि उनके सभी मेडिकल टेस्ट सामान्य आए. इसी दौरान खबरें सामने आईं कि वे मोगा की रैली में शामिल नहीं होंगे.
लेकिन कुछ समय बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई और वे अरविंद केजरीवाल के साथ रैली में नजर आए. रैली खत्म होने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री दोबारा अस्पताल पहुंच गए. इस घटनाक्रम ने सियासी गलियारों में चर्चाओं को और तेज कर दिया.
सरबजीत सिंह झिंजर ने इस पूरे मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब अन्य विधायकों का समर्थन जुटाने के लिए समय लेने की रणनीति भी हो सकती है. उन्होंने फोर्टिस अस्पताल को मुख्यमंत्री के लिए ‘सियासी वेंटिलेटर’ तक कह दिया. उनका कहना है कि पिछले 24 घंटों में जो कुछ हुआ, वह कई सवाल खड़े करता है और इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए.
अकाली नेता ने कहा कि पंजाब की जनता को साफ और स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा, ‘राज्य को किसी ड्रामे की नहीं, बल्कि पारदर्शिता की जरूरत है.’
फिलहाल इस मुद्दे पर राजनीतिक माहौल गर्म है. विपक्ष सरकार से जवाब मांग रहा है, जबकि समर्थक इसे सामान्य स्वास्थ्य संबंधी मामला बता रहे हैं. आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है.
Copyright © 2026 The Samachaar
