दिल्ली में छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार सुबह वासुदेव घाट पर छठ महापर्व में शामिल होंगे। यह पहला मौका होगा जब प्रधानमंत्री दिल्ली में किसी छठ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस अवसर को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को घाट का दौरा किया और अधिकारियों को सभी सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा, सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
छठ पूजा से पहले दिल्ली सरकार के कई मंत्री भी सक्रिय हैं। कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने रविवार को वासुदेव घाट, मयूर विहार, अशोक नगर, कोंडली और त्रिलोकपुरी सहित कई स्थानों का निरीक्षण किया। जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने पश्चिमी और बाहरी दिल्ली के नरेला, पल्ला घाट, निहाल विहार, जय विहार और बापरौला जैसे इलाकों में तैयारियों का जायजा लिया। वहीं, शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने अपने क्षेत्र में छठ पर्व की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से अपील की थी कि वे छठ पर्व में शामिल होकर इसकी आध्यात्मिकता और सामाजिक एकता का अनुभव करें। उन्होंने कहा, “छठ महापर्व संस्कृति, प्रकृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। जो भी जहां हों, इस उत्सव में शामिल जरूर हों।”
दिल्ली के सभी छठ घाटों पर सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के जवान तैनात हैं और जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। टेंट और आकर्षक लाइटों से घाटों को सजाया गया है। साथ ही, कृत्रिम तालाबों में पानी भर दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो।
प्रधानमंत्री की भागीदारी को लेकर अब राजनीति भी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए “कृत्रिम यमुना” तैयार की गई है। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें दावा किया गया कि वासुदेव घाट पर गंगा का फिल्टर्ड पानी पाइपलाइन के जरिए लाया गया है। AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने इस पर कहा कि भाजपा ने छठ जैसे पवित्र पर्व की आस्था का मजाक बनाया है।
AAP के आरोपों पर जवाब देते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि भाजपा सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों की सफाई और विकास किया है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब विपक्ष सरकार की सफाई व्यवस्था पर आपत्ति जता रहा है। भाजपा का कहना है कि वह यमुना किनारे प्राकृतिक घाटों का विकास कर रही है, जबकि AAP केवल राजनीति कर रही है।
Copyright © 2025 The Samachaar
