Sahibzada Farhan vs Virat Kohli: टी20 विश्व कप 2026 में इस समय सबसे ज्यादा चर्चा पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज साहिबजादा फरहान की हो रही है. चार मैचों में 320 रन बनाकर वह टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाज बन चुके हैं. उनकी शानदार फॉर्म ने न सिर्फ पाकिस्तान को मजबूती दी है, बल्कि अब उनकी नजरें एक बड़े विश्व रिकॉर्ड पर भी टिक गई हैं. यह रिकॉर्ड भारतीय दिग्गज विराट कोहली के नाम दर्ज है.
साहिबजादा फरहान ने इस संस्करण में लगातार प्रभाव छोड़ा है. नीदरलैंड के खिलाफ उन्होंने 47 रनों की अहम पारी खेली. इसके बाद अमेरिका के खिलाफ 73 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. हालांकि भारत के खिलाफ उनका बल्ला नहीं चला और वह पहले ही ओवर में 0 पर आउट हो गए. लेकिन इस झटके के बाद उन्होंने शानदार वापसी की. नामीबिया के खिलाफ फरहान ने यादगार शतक जड़ा. वह टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के लिए शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने. यह इस फॉर्म में उनका पहला शतक भी था.
टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अभी विराट कोहली के नाम है. उन्होंने 2014 में छह मैचों में 319 रन बनाए थे. उस दौरान उन्होंने चार अर्धशतक लगाए थे और उनकी बल्लेबाजी ने भारत को फाइनल तक पहुंचाया था. आपको बता दें कि, अब तक कोई भी बल्लेबाज इस आंकड़े को पार नहीं कर सका है.फरहान ने चार मैचों में ही 320 रन बना लिए हैं, यानी वह रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच चुके हैं.
पाकिस्तान सुपर-8 में पहुंच चुका है और टीम को इस दौर में कम से कम तीन और मैच खेलने हैं. ऐसे में फरहान के पास इस रिकॉर्ड को तोड़ने का सुनहरा मौका है. अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल या फाइनल में पहुंचता है, तो उनकी पारियों की संख्या और बढ़ सकती है.
सुपर-8 चरण में पाकिस्तान का पहला मुकाबला 21 फरवरी को न्यूजीलैंड से है. इसके बाद 24 फरवरी को इंग्लैंड और 28 फरवरी को श्रीलंका से भिड़ंत होगी. इस दौर के बाद ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी. पाकिस्तान के लिए यह चरण बेहद अहम है. टीम की उम्मीदें फरहान के बल्ले पर टिकी हैं. अगर वह अपनी लय बरकरार रखते हैं, तो न सिर्फ पाकिस्तान आगे बढ़ सकता है, बल्कि टी20 विश्व कप के इतिहास में एक नया रिकॉर्ड भी बन सकता है.
Copyright © 2026 The Samachaar
