IPL 2026: आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले राजस्थान रॉयल्स को लेकर रविचंद्रन अश्विन ने बड़ी टिप्पणी की है। भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर और राजस्थान रॉयल्स के पूर्व खिलाड़ी अश्विन का मानना है कि टीम को इस सीजन अपने घरेलू मैच अलग-अलग मैदानों पर खेलना पड़ रहा है, जो उसके खिताबी अभियान के लिए चुनौती बन सकता है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि एक ही टीम के होम मैच कई जगह खेलना पूरी तरह सही नहीं है।
इस बार राजस्थान रॉयल्स के पहले तीन घरेलू मुकाबले गुवाहाटी में होंगे। इसके बाद बाकी चार होम मैच किसी अन्य मैदान पर खेले जाएंगे। अश्विन के मुताबिक, किसी भी फ्रेंचाइजी को घरेलू हालात, पिच और माहौल का फायदा तभी मिलता है जब वह अधिक मैच एक ही स्टेडियम में खेले।
अश्विन ने कहा कि टीम के कप्तान रियान पराग को गुवाहाटी में अच्छा समर्थन मिलेगा, लेकिन अगर होम ग्राउंड को कई जगह बंटाया जाता है, तो टीम का संतुलन और रणनीति प्रभावित हो सकती है। उनके अनुसार, कुछ मैच एक शहर में और बाकी मैच दूसरे शहर में खेलना टीम के प्रदर्शन पर नकारात्मक असर डाल सकता है। हालांकि कागज पर राजस्थान रॉयल्स की टीम पिछले सीजन के मुकाबले मजबूत नजर आ रही है। अश्विन ने रविंद्र जडेजा और सैम करन जैसे खिलाड़ियों के आने से टीम की मजबूती बढ़ने की बात कही।
अश्विन ने अपने अनुभव से भी चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि जब वह किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान थे, तब टीम को कुछ घरेलू मैच इंदौर में खेलने पड़े थे, और इसका असर टीम के प्रदर्शन पर साफ दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि फैंस और गेट कलेक्शन जैसी बातें हो सकती हैं। पंजाब किंग्स भी लंबे समय से अपने घरेलू मैच दो अलग-अलग मैदानों पर खेलती रही है।
राजस्थान रॉयल्स अपना आईपीएल 2026 अभियान 30 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गुवाहाटी में शुरू करेगी। टीम की कोशिश होगी कि सीजन की शुरुआत जीत के साथ हो और घरेलू मैदानों के बंटवारे का असर प्रदर्शन पर न दिखे।
Copyright © 2026 The Samachaar
