बुधवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने मई महीने में भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध को रुकवाया था
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, “मैंने पाकिस्तान और भारत के बीच युद्ध रोका। मुझे पाकिस्तान से प्यार है। मोदी एक शानदार व्यक्ति हैं, मैंने कल रात उनसे बात की।”
बता दें कि ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे फोन पर बातचीत में साफ कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध को रोकने का फैसला दोनों देशों की सेनाओं ने आपसी बातचीत से किया था।
प्रधानमंत्री मोदी ने 35 मिनट की बातचीत में यह भी कहा कि "भारत कभी भी किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता (mediation) को नहीं मानता और न ही कभी मानेगा।"
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि चार दिनों (7 से 10 मई) की सैन्य झड़प के दौरान ना तो भारत-अमेरिका ट्रेड डील और ना ही ट्रंप की ओर से कोई मध्यस्थता का विषय उठा।
उन्होंने बताया कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने दुनिया को यह साफ कर दिया था कि
“अगर पाकिस्तान की ओर से कोई आक्रामकता (aggression) होगी, तो भारत उसका मुंहतोड़ जवाब देगा।”
बातचीत के दौरान ट्रंप ने यह भी पूछा कि क्या मोदी कनाडा से लौटते समय अमेरिका आ सकते हैं। लेकिन पीएम मोदी ने पहले से तय कार्यक्रमों के चलते इस यात्रा में असमर्थता जताई। दोनों नेताओं ने भविष्य में मिलने की इच्छा जताई।
गौरतलब है कि ट्रंप पहले व्यक्ति थे जिन्होंने 10 मई को भारत और पाकिस्तान के बीच लड़ाई रुकने की घोषणा की थी। इसके बाद से उन्होंने कई बार दावा किया कि उन्होंने दोनों देशों को धमकी दी थी कि अगर वे नहीं माने तो व्यापार रोक दिया जाएगा, और इसी से झगड़ा रुका।
Copyright © 2026 The Samachaar
