Bihar CM Nitish Kumar: बिहार की राजनीति में इन दिनों बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। खबरें सामने आ रही हैं कि नीतीश कुमार जल्द ही मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं और राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। हालांकि नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में चर्चाएं जोरों पर हैं।
सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार 9 अप्रैल को दिल्ली रवाना हो सकते हैं। इसके अगले दिन यानी 10 अप्रैल को वे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले सकते हैं। इसके बाद 11 अप्रैल को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होने की संभावना है, जिसमें बिहार में बनने वाली नई सरकार को लेकर चर्चा हो सकती है। इस बैठक के बाद वे 11 या 12 अप्रैल को पटना लौट सकते हैं।
बिहार की राजनीति में 13 अप्रैल की तारीख बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस दिन पटना में एनडीए की बैठक हो सकती है, जिसमें नई सरकार के गठन पर चर्चा और रायशुमारी की जाएगी। माना जा रहा है कि 14 अप्रैल को खरमास समाप्त होने के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार 18 अप्रैल के आसपास नई सरकार का गठन हो सकता है।
राजनीतिक बदलाव की चर्चा के बीच नीतीश कुमार अपने कामकाज में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने पटना में कई निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पाटलिपुत्र कॉलोनी में बन रहे पार्क का जायजा लिया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
इसके अलावा नेहरू पथ और पाटलिपथ को जोड़ने वाले प्रोजेक्ट, रूपसपुर नहर पथ के चौड़ीकरण और सगुना मोड़ के पास चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की।
बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर चर्चाएं तेज हैं, लेकिन अभी तक यह साफ नहीं है कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। आने वाले कुछ दिन राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम साबित हो सकते हैं।
Copyright © 2026 The Samachaar
