नारियल का दूध अक्सर हेल्दी और स्वादिष्ट विकल्प के रूप में देखा जाता है. स्मूदी से लेकर करी तक, इसका इस्तेमाल हर जगह बढ़ रहा है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह सेहत के लिए उतना सुरक्षित नहीं जितना दिखता है? कुछ लोगों के लिए यह दूध फायदे की जगह गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं खड़ी कर सकता है. एलर्जी से लेकर हार्ट और किडनी पर असर तक, नारियल का दूध आपके शरीर पर कैसे असर डालता है, इस खहबर में विस्तार से जानिए.
नारियल के दूध में सैचुरेटेड फैट की मात्रा अधिक होती है, जो दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है. जिन लोगों को हृदय रोग है, उनके लिए इसका नियमित सेवन खतरनाक साबित हो सकता है. इसी तरह, किडनी की समस्या से जूझ रहे लोगों को भी इससे परहेज करना चाहिए, क्योंकि यह शरीर में फैट और मिनरल्स की मात्रा को बढ़ाकर किडनी पर दबाव डाल सकता है.
नारियल के दूध में नेचुरल फैट और कार्बोहाइड्रेट्स की मात्रा काफी होती है, जो ब्लड शुगर लेवल को तेजी से बढ़ा सकती है. इसलिए डायबिटिक मरीजों को इसका सेवन बिल्कुल सावधानी से करना चाहिए. साथ ही, इसमें कैलोरी भी अधिक होती है, जिससे वजन तेजी से बढ़ सकता है. ऐसे में अगर आप वजन कंट्रोल में रखना चाहते हैं तो सीमित मात्रा में ही इसका सेवन करें.
अगर किसी को नारियल से एलर्जी है तो नारियल का दूध पीना नुकसानदेह हो सकता है. इससे स्किन रैश, खुजली और सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं. वहीं जिन लोगों को कब्ज की समस्या है, उनके लिए भी नारियल का दूध परेशानी बढ़ा सकता है, क्योंकि यह पाचन प्रक्रिया को धीमा कर सकता है. वहीं, गर्भवती महिलाओं के लिए भी यह दूध हमेशा फायदेमंद नहीं होता. हर महिला की शारीरिक स्थिति अलग होती है, इसलिए डॉक्टर से सलाह लिए बिना इसका सेवन न करें.
नारियल का दूध भले ही पोषण से भरपूर हो, लेकिन कुछ खास स्वास्थ्य स्थितियों में यह नुकसान पहुंचा सकता है. इसलिए इसका सेवन सोच-समझकर और चिकित्सकीय सलाह के बाद ही करें.
Copyright © 2026 The Samachaar
