हमारे बुजुर्गों के घरेलू नुस्खे यूं ही नहीं मशहूर हैं. आयुर्वेद और पुरानी परंपराओं में सेहत के लिए ऐसे कई उपाय बताए गए हैं, जो आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बेहद कारगर साबित हो सकते हैं. इन्हीं में से एक है दूध में अंजीर डालकर खाना. यह साधारण-सा दिखने वाला कॉम्बिनेशन आपकी इम्यूनिटी, हड्डियों, पाचन, दिल और नींद से जुड़ी समस्याओं को कम करने में मदद करता है.
अगर आपको अक्सर गैस, कब्ज या पेट की सफाई को लेकर दिक्कत होती है, तो दूध में अंजीर डालकर सेवन करना रामबाण उपाय साबित हो सकता है. अंजीर में फाइबर की अधिकता होती है और जब इसे गर्म दूध के साथ लिया जाता है, तो यह आंतों की सफाई करता है और पाचन क्रिया को दुरुस्त करता है. इससे कब्ज और ब्लोटिंग जैसी समस्याएं काफी हद तक ठीक हो सकती हैं.
हड्डियों की मजबूती के लिए सिर्फ कैल्शियम काफी नहीं होता, बल्कि शरीर को विटामिन K, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे मिनरल्स की भी जरूरत होती है. दूध और अंजीर का कॉम्बिनेशन हड्डियों की डेंसिटी बढ़ाता है और बढ़ती उम्र में ऑस्टियोपोरोसिस से भी बचाता है.
बदलते मौसम और संक्रमणों से बचने के लिए इम्यून सिस्टम का मजबूत होना जरूरी है. अंजीर में एंटीऑक्सीडेंट्स, आयरन, जिंक और कॉपर जैसे मिनरल्स होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाते हैं. दूध भी पोषण का भंडार है, इसलिए दोनों का सेवन आपको अंदर से मजबूत बनाता है.
1 आजकल की लाइफस्टाइल में दिल की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं.
2 अंजीर में मौजूद पोटैशियम और फाइबर ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करता है.
3 ये कोलेस्ट्रॉल लेवल को बैलेंस करता है.
4 यह हृदय संबंधी बीमारियों के खतरे को कम करने में सहायक है.
अगर आप नींद नहीं आने की समस्या से जूझ रहे हैं तो दूध में अंजीर डालकर लेना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. इसमें मौजूद तत्व सेरोटोनिन और मेलाटोनिन जैसे हार्मोन को बढ़ाते हैं, जो गहरी और शांति भरी नींद लाने में मदद करते हैं. आप 2–3 सूखे अंजीर को एक गिलास दूध में भिगो दें और सुबह उसे उबालकर सेवन करें. आप चाहें तो इसे रात को सोने से पहले भी पी सकते हैं.
दूध और अंजीर का यह आसान सा नुस्खा आपकी सेहत के लिए एक संपूर्ण टॉनिक जैसा है. यह न केवल पाचन और हड्डियों को फायदा देता है, बल्कि इम्यूनिटी और नींद से जुड़ी समस्याओं को भी दूर करता है. इसे अपनी डेली डाइट में शामिल करें और फर्क महसूस करें.
(Disclaimer: यह स्टोरी सामान्य जानकारियों पर आधारित है. किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या में विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें.)
Copyright © 2026 The Samachaar
