Family Man Season 3 Teaser : OTT लोगों के लिए रोमांच और रियलिज्म से भरपूर वेब सीरीज ‘फैमिली मैन’ एक बार फिर चर्चा में है. पहले दो सीजन से लोगों के दिलों पर राज करने वाली इस सीरीज का तीसरा पार्ट अब सामने आने वाला है. ‘फैमिली मैन 3’ का टीजर रिलीज हो गया है और इसमें मनोज बाजपेयी फिर से अपने फुल एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं.
‘फैमिली मैन’ के किरदार श्रीकांत तिवारी, जो देश की सुरक्षा एजेंसी के लिए काम करते हैं, इस बार पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक मिशन में नजर आने वाले हैं. टीजर में दिखाया गया है कि श्रीकांत अब एक नई नौकरी में हैं, लेकिन उनका देश के प्रति समर्पण और खतरों से भिड़ने का अंदाज पहले जैसा ही दमदार है.
सीजन 3 में जयदीप अहलावत का खतरनाक अंदाज लोगों को खूब रोमांचित करने वाला है. उनका किरदार श्रीकांत के मिशन को और भी चैलेंजींग बना देगा. इस बार का दुश्मन सिर्फ एक मिशन नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकता है.
टीजर की शुरुआत देश के हालात पर एक गंभीर नैरेशन से होती है, जिसके बाद स्पेशल फोर्स के सीन, श्रीकांत की मारधाड़ और बेटे के साथ हल्की-फुल्की टकराहट सीरीज के इमोशनल और थ्रिलिंग दोनों पहलुओं को उजागर करती है. टीजर ये संकेत दे रहा है कि सीजन 3 में इमोशन और एक्शन का बेहतरीन बैलेंस देखने को मिलेगा।.
इस बार की कास्ट और भी दमदार होने वाली है. प्रियामणि और शारिब हाशमी के साथ अब निम्रत कौर, तमिल स्टार सुदीप किशन, जुगल हंसराज, दर्शन कुमार और श्रेया धनवंतरी जैसे चेहरे भी नजर आएंगे. इस नई टीम के साथ सीरीज का दायरा और गहराई बढ़ती दिखाई दे रही है.
श्रीकांत का किरदार सिर्फ एक एजेंट नहीं, बल्कि एक संघर्षशील पति और पिता का भी है. जहां वो देश को आतंकवाद और नक्सलवाद से बचाने में सफल रहा, वहीं पारिवारिक मोर्चे पर उसकी चुनौतियां अब भी जारी हैं. क्या इस बार वह एक बेहतर फैमिली मैन बन पाएगा? यही सवाल दर्शकों को इस सीजन से जोड़कर रखेगा.
टीजर ने ये साबित कर दिया है कि ‘फैमिली मैन 3’ में सिर्फ एक्शन ही नहीं, बल्कि कहानी में और भी अधिक पॉलिटिकल एंगल, इमोशनल ड्रामा और थ्रिल मिलने वाला है. हर फ्रेम लोगों को सीरीज के साथ जोड़ने का वादा करता है. यही वजह है कि टीजर के रिलीज होते ही फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है.
Copyright © 2026 The Samachaar
