12 जून की सुबह बठिंडा की आदेश मेडिकल यूनिवर्सिटी की पार्किंग में एक महिला की लाश मिलने से पूरे पंजाब में सनसनी फैल गई थी. मृतका की पहचान कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर के रूप में हुई थी, जिन्हें स्थानीय लोग 'भाभी' के नाम से जानते थे. शुरुआती जांच में पुलिस ने इस मामले में अमृतपाल महिरों के दो साथियों को गिरफ्तार किया और जल्द ही खबर आई कि मुख्य आरोपी अमृतपाल देश छोड़कर दुबई भाग चुका है.
लेकिन इस सनसनीखेज केस ने तब और नया मोड़ ले लिया जब कथित मृतका कमल कौर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो में खुद कमल कौर नजर आ रही हैं और कह रही हैं, "कमल कौर मरी नहीं है, जिंदा है. मैंने जब फोन ऑन किया तो देखा, मेरी मौत की खबर चल रही है। मैं तो अस्पताल में भर्ती थी और अपनी ही मौत की खबर देख रही थी.
कमल कौर ने इस वीडियो में दावा किया है कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती थीं. उन्होंने कहा "जिसने मेरी मौत की झूठी खबर फैलाई, उस पर कार्रवाई होनी चाहिए. मेरी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है. मुझे तकलीफ सिर्फ इस बात की है कि बिना पुष्टि के मुझे मरा हुआ बता दिया गया.'
वीडियो के अंत में उन्होंने अपील की कि "इस वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करो, ताकि लोगों को सच्चाई पता चल सके. यह वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. एक ओर लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर महिला जिंदा है, तो फिर बठिंडा मेडिकल यूनिवर्सिटी में मिली लाश किसकी थी? दूसरी ओर पुलिस की जांच पर भी सवाल उठ रहे हैं क्या उन्होंने बिना पूरी पुष्टि के केस दर्ज कर लिया?
हालांकि, यह स्पष्ट करना जरूरी है कि पंजाब केसरी इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है. पुलिस की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि वायरल वीडियो में दिख रही महिला असली कमल कौर है या नहीं. फिलहाल, यह मामला पूरी तरह से रहस्य में घिरा हुआ है. क्या वास्तव में कमल कौर की मौत हो चुकी है? क्या यह किसी और की लाश थी जिसे गलती से कमल कौर समझा गया? या फिर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो किसी साजिश का हिस्सा है? इन सवालों के जवाब आने वाले दिनों में पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे, लेकिन फिलहाल, पंजाब में यह केस हर गली-मोहल्ले में चर्चा का विषय बना हुआ है.
फिलहाल यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर है इस खबर की पुष्टि The Samachar नहीं करता है.
Copyright © 2025 The Samachaar
