ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी ने देशभर में जश्न का माहौल बना दिया है, लेकिन इस बीच कुछ राजनीतिक बयानों ने माहौल को गरमा दिया है. समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव एक बार फिर विवादों में हैं. उन्होंने भारतीय वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर जातिसूचक और आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी है, जिससे जनता और सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
रामगोपाल यादव ने पहले प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद विंग कमांडर व्योमिका सिंह का नाम गलत लेकर उन्हें "दिव्या सिंह" कहा. जब पास खड़े लोगों ने नाम सही किया तो उन्होंने कहा, “वो हरियाणा की जाटन…- इस अपमानजनक और जातिसूचक टिप्पणी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
सिर्फ इतनी ही नहीं, रामगोपाल यादव ने बीजेपी की तिरंगा यात्रा पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान से घुसपैठ अभी भी जारी है तो इस समय तिरंगा यात्रा निकालने की क्या आवश्यकता थी? उन्होंने तंज कसते हुए पूछा, 'क्या जो सैनिक वहां लड़ रहे थे, वो सिर्फ बीजेपी के थे?”
यादव ने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की प्रतिक्रिया पहले से अनुमानित थी और सीजफायर के बाद हमला होना तय था. उनके मुताबिक यह सब एक चुनावी स्टंट है। हालांकि जनता का मानना है कि इस तरह की बयानबाजी से सेना और सैन्यकर्मियों का मनोबल गिरता है.
Copyright © 2026 The Samachaar
