Virat Kohli News: भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट 30 जनवरी की रात अचानक गायब हो गया. दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले खिलाड़ियों में शामिल कोहली का अकाउंट न दिखने से फैंस हैरान और परेशान हो गए. कई लोगों को लगा कि शायद अकाउंट हैक हो गया है या किसी वजह से बंद कर दिया गया है.
शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट दोबारा दिखाई देने लगा. हालांकि, उनके भाई विकास कोहली का अकाउंट उस समय तक भी एक्टिव नहीं हुआ था. इस पूरे मामले पर न तो विराट कोहली, न उनकी टीम और न ही इंस्टाग्राम की तरफ से कोई साफ जानकारी दी गई है.
विराट का अकाउंट गायब होते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. कई लोग इंस्टाग्राम को टैग कर जवाब मांगने लगे. कुछ फैंस सच में चिंतित थे, तो कुछ ने इसे मजाक के तौर पर लिया. कई यूजर्स ने अनुष्का शर्मा के इंस्टाग्राम पोस्ट्स पर भी मजेदार कमेंट किए, जैसे – भाभी, भैया का अकाउंट कहां गया?
जैसे-जैसे रात बढ़ी, मीम्स बनना शुरू हो गए. कुछ लोगों ने विराट के अकाउंट के गायब होने की तुलना हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए “गायब पेंगुइन” ट्रेंड से कर दी. लोग मजाक में कहने लगे कि साल 2026 अजीब तरह की गुमशुदगियों से भरा हुआ है.
हालांकि विराट कोहली का अकाउंट अब वापस आ चुका है, लेकिन ये अब भी साफ नहीं है कि यह सब किसी तकनीकी समस्या की वजह से हुआ या फिर जानबूझकर. फिलहाल फैंस के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.
यह पहली बार नहीं है जब विराट कोहली सोशल मीडिया को लेकर चर्चा में आए हों. पिछले साल एक विवाद तब हुआ था जब उन्होंने गलती से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अवनीत कौर की एक पोस्ट लाइक कर दी थी.
Copyright © 2026 The Samachaar
