हरियाणा पुलिस ने हिसार जिले से एक महिला को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान हरीश कुमार की बेटी ज्योति रानी के रूप में हुई है, जिस पर पाकिस्तानी एजेंसियों को संवेदनशील सूचनाएं देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, ज्योति ने दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में अहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश नाम के पाक अधिकारी से मुलाकात की थी और इसके बाद दो बार पाकिस्तान की यात्रा की। इस दौरान उसने कथित तौर पर भारत से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा की।
हिसार के डीएसपी कमलजीत ने बताया कि महिला को आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के लिए उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने उसके मोबाइल और लैपटॉप से कुछ संदिग्ध सामग्री भी बरामद की है।
डीएसपी ने बताया कि महिला लगातार पाकिस्तान में रह रहे एक नागरिक के संपर्क में थी और मामले की गहराई से जांच जारी है।
Copyright © 2026 The Samachaar
