हरियाणा की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और 'Travel with JO' नामक यूट्यूब चैनल चलाने वाली ज्योति मल्होत्रा को सुरक्षा एजेंसियों ने गंभीर आरोपों के चलते गिरफ्तार किया है. उस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों को गोपनीय भारतीय जानकारियां देने का आरोप है. शनिवार को गिरफ्तारी के बाद उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है.
सूत्रों के अनुसार, मल्होत्रा ने 2023 में वीजा एजेंट्स के ज़रिए पाकिस्तान का दौरा किया था. इसी दौरान उसकी मुलाकात पाकिस्तान हाई कमीशन में तैनात अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ़ दानिश से हुई. बताया जा रहा है कि वहीं से उसकी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों तक पहुंच बनी. दानिश को भारत सरकार ने 13 मई को 'persona non grata' घोषित कर देश से निकाल दिया है.
मल्होत्रा का एक वायरल वीडियो शक के घेरे में है, जिसमें वह पाकिस्तान हाई कमीशन में आयोजित इफ्तार पार्टी में दानिश के साथ दिख रही है. वीडियो में दानिश उसे मेहमानों से परिचित करवाता है और ज्योति कहती है- 'मैं बहुत एक्साइटेड हूं... ये इंतज़ाम कमाल के हैं. वहीं वीडियो के अंत में दानिश और उसकी पत्नी भी नजर आते हैं. मल्होत्रा पाकिस्तानी संस्कृति और लोगों की खुलकर तारीफ करती है और खुद पाकिस्तान जाने की इच्छा जाहिर करती है.
जांच एजेंसियों के अनुसार, ज्योति मल्होत्रा ने व्हाट्सऐप, टेलीग्राम और स्नैपचैट जैसे माध्यमों के जरिए पाकिस्तान के एजेंटों से संवाद किया. इस दौरान कुछ गोपनीय जानकारियां साझा करने के पुख्ता सबूत मिले हैं. उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पाकिस्तान की यात्रा से जुड़े कई वीडियो अपलोड हैं- जैसे ‘Indian Girl in Pakistan’, ‘Exploring Lahore’, और ‘Visiting Katas Raj Temple’ आदि.
ज्योति के यूट्यूब पर 3.7 लाख सब्सक्राइबर हैं और इंस्टाग्राम पर भी वह 1.3 लाख से अधिक फॉलोअर्स के साथ लोकप्रिय चेहरा मानी जाती है. इस लोकप्रियता को ही पाकिस्तान की एजेंसियों ने 'इन्फ्लुएंसर डिप्लोमेसी' की तरह इस्तेमाल किया, ताकि वह भारत के संवेदनशील इलाकों की जानकारी एकत्र कर सके.
Copyright © 2026 The Samachaar
