Hera Pheri 3 : बॉलीवुड की सबसे चहेती कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'हेरा फेरी' को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. लंबे समय से फिल्म के तीसरे पार्ट का इंतजार कर रहे फैंस के लिए ये खबर किसी झटके से कम नहीं — बाबू भइया यानी परेश रावल अब इस फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे. इस बात की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है और सोशल मीडिया पर फैंस की निराशा साफ देखी जा सकती है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, परेश रावल ने फिल्म से हटने के बाद साइनिंग अमाउंट मेकर्स को लौटा दिया है. बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, एक्टर को साइनिंग फीस के तौर पर 11 लाख रुपये मिले थे, जिसे उन्होंने 15% ब्याज के साथ वापस कर दिया. साथ ही फिल्म छोड़ने से होने वाली असुविधा के लिए उन्होंने हर्जाना भी अदा किया है.
फिल्म से जुड़े करीबी सूत्रों का कहना है कि परेश रावल को ‘हेरा फेरी 3’ के लिए कुल 15 करोड़ रुपये मिलने थे. इसमें से 14.89 करोड़ रुपये उन्हें फिल्म की रिलीज के एक महीने बाद मिलने वाले थे. शूटिंग अगले साल शुरू होने वाली थी और फिल्म 2027 तक रिलीज होने की संभावना थी. हालांकि, ऐसी शर्तें परेश रावल को मंजूर नहीं थीं और इसी कारण उन्होंने फिल्म से किनारा कर लिया.
फिल्म से बाहर होने के बाद परेश रावल अब कानूनी विवाद में भी फंस गए हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, अक्षय कुमार की प्रोडक्शन कंपनी ‘केप ऑफ गुड फिल्म्स’ ने उन पर 25 करोड़ रुपये का केस दर्ज किया है. ट्रेड एक्सपर्ट्स की मानें तो फिल्म के प्रमोशनल शूट भी पूरे हो चुके थे, जो ‘भूल बंगला’ सेट पर फिल्माए गए थे.
‘हेरा फेरी’ का पहला भाग साल 2000 में आया था और 2006 में इसका दूसरा भाग रिलीज हुआ था, जो काफी हिट रहा. तीसरे भाग को लेकर फैंस में काफी उत्साह था, लेकिन परेश रावल के बाहर होने के बाद फिल्म के भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं. कई लोगों का मानना है कि बाबू भइया के बिना ‘हेरा फेरी 3’ अपनी पुरानी चमक नहीं बिखेर पाएगी.
Copyright © 2026 The Samachaar
