मुंबई : कभी-कभी जिंदगी में ऐसे किस्से हो जाते हैं, जो वक्त के साथ याद बनकर चेहरे पर मुस्कान छोड़ जाते हैं. ऐसा ही एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है कॉमेडियन और एक्टर कपिल शर्मा ने. उन्होंने अपने शो में बताया कि साल 2003 या 2004 में वो एक दोस्त के कहने पर दिल्ली की एक हाई-प्रोफाइल शादी में पहुंच गए थे- वो भी बिना न्योते के.
ये शादी मौर्या होटल में हो रही थी और ये मशहूर कॉस्मेटिक बिजनेस वुमन वंदना लूथरा की थी. वहीं पर उनकी पहली मुलाकात हुई बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस जीनत अमान से. कपिल ने कहा कि उस वक्त वो कॉलेज में पढ़ते थे और बहुत भोले थे.
कपिल ने उस किस्से को याद करते हुए बताया कि जब वो जीनत अमान के पास फोटो खिंचवाने गए, तो उनके हाथ में खाने की प्लेट थी. इस पर जीनत अमान ने उन्हें बड़े शालीन ढंग से कहा, ‘प्लेट नीचे रख दो, ऐसे फोटो नहीं खिंचवाते.’
इस बात ने कपिल के मन पर छाप छोड़ दी. उन्होंने हंसते हुए कहा, 'मुझे नहीं पता था कि प्लेट के साथ फोटो लेना मैनर्स के खिलाफ होता है. वहां आप गेस्ट थीं और मैं बिना बुलावे पहुंचा था.'
जीनत अमान न सिर्फ ऑन-स्क्रीन बल्कि सोशल मीडिया पर भी अपनी यादों को बेहद खूबसूरती से शेयर करती हैं. हाल ही में उन्होंने फिल्म ‘हम किसी से कम नहीं’ से जुड़ा एक किस्सा इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था.
उन्होंने बताया कि फिल्म में वो केवल एक गाने के लिए नजर आई थीं, जिसमें उनके साथ ऋषि कपूर भी थे. दिलचस्प बात ये है कि ये उनके करियर का इकलौता कोलैबरेशन था ऋषि कपूर के साथ. उन्होंने लिखा कि डायरेक्टर नासिर हुसैन ने उन्हें ‘लक चार्म’ मानकर फिल्म में लिया, क्योंकि उनकी पिछली फिल्म ‘यादों की बारात’ बड़ी हिट हुई थी.
Copyright © 2026 The Samachaar
