Logo

सिख श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी मांग पूरी, 2 जुलाई से उड़ान शुरू

पंजाब की सिख संगत के लिए एक बेहद राहतभरी और बहुप्रतीक्षित खबर सामने आई है. अब आदमपुर से मुंबई के लिए इंडिगो एयरलाइंस की सीधी हवाई सेवा 2 जुलाई 2025 से शुरू होने जा रही है.

👤 Golu Dwivedi 01 Jul 2025 01:39 PM

पंजाब की सिख संगत के लिए एक बेहद राहतभरी और बहुप्रतीक्षित खबर सामने आई है. अब आदमपुर से मुंबई के लिए इंडिगो एयरलाइंस की सीधी हवाई सेवा 2 जुलाई 2025 से शुरू होने जा रही है. इस नई सुविधा को राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने ऐतिहासिक बताते हुए कहा है कि यह सिर्फ एक उड़ान नहीं, बल्कि सिख समुदाय की भावनाओं और वर्षों पुरानी मांग का सम्मान है.

उन्होंने कहा कि यह सेवा विशेष रूप से बुज़ुर्ग श्रद्धालुओं और व्यापारियों के लिए बेहद लाभकारी होगी. यह उड़ान आदमपुर और मुंबई के बीच सीधा संपर्क स्थापित कर न केवल धार्मिक यात्रा को सुगम बनाएगी बल्कि व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई दिशा देगी.

वर्षों पुरानी मांग को मिली मंजूरी

सांसद सतनाम सिंह संधू ने बताया कि सिख संगत लंबे समय से तख़्त श्री हज़ूर साहिब (नांदेड़) और मुंबई जैसे धार्मिक व आर्थिक केंद्रों तक सीधी उड़ानों की मांग कर रही थी. उन्होंने संसद और केंद्र सरकार में लगातार इस मुद्दे को उठाया और अब केंद्र की 'उड़ान' योजना के अंतर्गत यह सपना साकार हुआ है.

बुज़ुर्ग श्रद्धालुओं को मिलेगा राहत

मुंबई होते हुए नांदेड़ साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह नई सेवा विशेष सहूलियत लेकर आई है. पहले लंबी और थकाऊ यात्रा करनी पड़ती थी, लेकिन अब आदमपुर से सीधा मुंबई जाने की सुविधा के साथ इस यात्रा में समय और ऊर्जा दोनों की बचत होगी.

छोटे शहरों को मिल रहा बड़ा कनेक्शन

संधू ने कहा कि यह सेवा सिर्फ धार्मिक दृष्टिकोण तक सीमित नहीं है. यह पंजाब के छोटे शहरों को देश के बड़े महानगरों से जोड़ने की दिशा में अहम कदम है. इससे व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी. अब तक पंजाब में आदमपुर, बठिंडा, लुधियाना और पठानकोट जैसे चार हवाई अड्डे कार्यशील हैं. इस नई उड़ान के साथ पंजाब का हवाई संपर्क और मजबूत होगा, जिससे राज्य की आर्थिक और सामाजिक प्रगति को बल मिलेगा.