भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव के बाद अब दोनों देशों ने जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला किया है। यानी अब सीजफायर लागू हो चुका है। दोनों देशों ने यह समझौता अमेरिका की मदद से हुई बातचीत के बाद किया।
इस बीच कुछ सोशल मीडिया और खबरों में यह दावा किया जा रहा था कि भारत ने पाकिस्तान के किराना हिल्स में स्थित एक गुप्त परमाणु ठिकाने पर हमला किया है।
इस पर भारत की ओर से एयर मार्शल ए.के. भारती ने साफ कर दिया कि भारत ने किराना हिल्स पर कोई हमला नहीं किया। उन्होंने कहा, "हमें नहीं पता था कि वहां कोई परमाणु संयंत्र है, और हमने वहां कोई हमला नहीं किया।"
क्या है किराना हिल्स?
यह पाकिस्तान के सरगोधा जिले में एक पहाड़ी इलाका है, जिसे "ब्लैक माउंटेन" भी कहा जाता है। माना जाता है कि यहां भूमिगत परमाणु भंडारण की सुविधा है।
ऑपरेशन सिंदूर: भारत की जवाबी कार्रवाई
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी, जिनमें कई पर्यटक भी थे। इसके जवाब में भारत ने 7 मई से "ऑपरेशन सिंदूर" शुरू किया।
भारत ने इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) के अंदर कुल 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया। इन ठिकानों से जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिज्बुल मुजाहिदीन जैसे आतंकी संगठन जुड़े हुए थे।