कद्दू के बीज पोषण से भरपूर होते हैं और खासतौर पर महिलाओं के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं. इनमें मैग्नीशियम, जिंक, हेल्दी फैट्स और प्रोटीन प्रचुर मात्रा में होता है. ये न सिर्फ हार्मोनल संतुलन बनाए रखते हैं बल्कि आयरन की कमी को भी दूर करते हैं. साथ ही, बेहतर नींद, मजबूत पाचन और दिल की सेहत के लिए भी इन्हें डाइट में शामिल करना चाहिए.
कद्दू के बीज में फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जिससे जरूरत से ज्यादा सेवन करने पर पाचन संबंधी दिक्कतें जैसे गैस, पेट फूलना या डायरिया हो सकते हैं. इसके अलावा, इनमें कैलोरी और फैट्स भी होते हैं, जिनका अत्यधिक सेवन वजन बढ़ा सकता है. अगर किसी को किडनी की समस्या है, तो फॉस्फोरस और पोटैशियम की अधिकता उनकी परेशानी बढ़ा सकती है. कुछ मामलों में एलर्जी या स्किन रैशेज भी देखे गए हैं.
डायटिशियन के अनुसार, एक स्वस्थ वयस्क व्यक्ति को दिन में 1-2 चम्मच कद्दू के बीज ही खाने चाहिए. इन्हें कच्चा या हल्का भुना हुआ खाया जा सकता है, लेकिन कच्चा खाना अधिक लाभकारी माना गया है. बाजार में मिलने वाले मसालेदार बीजों से बचें, क्योंकि इनमें अतिरिक्त नमक और तेल होते हैं, जो स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
इन बीजों को सलाद, स्मूदी या नाश्ते में मिक्स करके खाया जा सकता है. चाहें तो इन्हें दही या दलिया में डालकर भी खा सकते हैं. इससे न सिर्फ स्वाद बढ़ेगा बल्कि पोषण भी मिलेगा.
कद्दू के बीज एक शक्तिशाली पोषण स्रोत हैं, लेकिन इन्हें सीमित मात्रा और सही तरीके से ही सेवन करना चाहिए. यदि आप किसी भी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं या कोई दवाइयां ले रहे हैं, तो इन बीजों का सेवन डॉक्टर की सलाह से करें. क्योंकि सेहत के नाम पर की गई हर चीज अगर सीमा पार कर जाए तो फायदा नहीं, नुकसान भी दे सकती है.
(Disclaimer: यह स्टोरी सामान्य जानकारियों पर आधारित है. किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या में विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें.)