Logo

पेट से आने वाली गुड़गुड़ की आवाज का मतलब क्या है? जानें पूरी डिटेल

पेट से आने वाली गुड़गुड़ाहट एक सामान्य प्रक्रिया है, जिसे मेडिकल भाषा में Borborygmus कहा जाता है. यह आमतौर पर भूख लगने, गैस बनने, मसालेदार खाने या आंतों के संकुचन के कारण होती है.

👤 Samachaar Desk 23 Jun 2025 07:25 PM

हमारा शरीर एक मशीन की तरह लगातार काम करता रहता है. जब कुछ गड़बड़ होती है या सबकुछ सही भी चलता है, तब भी शरीर संकेत देता है. पेट से आने वाली गुड़गुड़ की आवाज़ भी ऐसा ही एक संकेत है. कभी-कभी शांत माहौल में अचानक पेट से आवाज आ जाए तो शर्मिंदगी होती है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ऐसा क्यों होता है? आइए जानें इसके पीछे का कारण.

क्या है इस आवाज का मेडिकल नाम?

एक्सपर्ट के अनुसार, पेट से आने वाली इस आवाज को मेडिकल भाषा में बॉरबोरीगमस (Borborygmus) कहा जाता है. यह कोई बीमारी नहीं बल्कि एक सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है, जो हमारी आंतों और पाचन क्रिया से जुड़ी होती है.

जब पेट खाली होता है, तो हमारी आंतें संकुचित होकर गैस और तरल पदार्थ को आगे की ओर धकेलती हैं. इस प्रक्रिया के दौरान पेट से आवाज आती है. यह दर्शाता है कि पाचन तंत्र सक्रिय है और आपको खाना खाने की ज़रूरत है.

मसालेदार खाना और गैस की समस्या

अगर आप अधिक मसालेदार खाना खाते हैं या बहुत तेजी से खाना खाते हैं, तो पेट में गैस बनने लगती है. यह गैस जब आंतों में घूमती है, तो भी गुड़गुड़ाहट जैसी आवाज पैदा होती है. यह आमतौर पर भोजन की आदतों से जुड़ी समस्या होती है.

कुछ विशेष खाद्य पदार्थ जैसे बीन्स, छोले, या ज्यादा फाइबर वाला खाना भी पेट में गैस पैदा करते हैं. इससे गुड़गुड़ की आवाजें तेज हो सकती हैं. अगर आपने हाल ही में ऐसा खाना खाया है और यह समस्या हुई है, तो यह उसका ही असर हो सकता है.

कब सतर्क हो जाएं?

अगर पेट से अक्सर गुड़गुड़ की आवाजें आती हैं और इसके साथ पेट दर्द, डायरिया या कब्ज जैसी समस्याएं भी होती हैं, तो यह इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS) या अन्य गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याओं का संकेत हो सकता है. ऐसे में डॉक्टर से सलाह जरूर लें.

गुड़गुड़ की आवाज़ आमतौर पर सामान्य है, लेकिन अगर यह बार-बार और असहजता के साथ हो, तो इसे नजरअंदाज न करें. संतुलित खानपान और सही दिनचर्या से आप इस परेशानी से बच सकते हैं.

(Disclaimer: यह स्टोरी सामान्य जानकारियों पर आधारित है. किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या में विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें.)