पंजाब सरकार ने राज्य के बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की भलाई के लिए एक बड़ी पहल की है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि वित्त वर्ष 2025 के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 6175 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
इसमें से 1539 करोड़ रुपये अब तक 34.40 लाख लाभार्थियों को नियमित पेंशन के रूप में जारी किए जा चुके हैं। यह राशि मई 2025 तक जारी हुई है। डॉ. बलजीत कौर ने "किसान भवन" में विभाग के वरिष्ठ व क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ बैठक में यह जानकारी दी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सामाजिक सुरक्षा योजनाएं सुनियोजित ढंग से लागू की जाएं और इनकी सतत निगरानी की जाए, ताकि हर पात्र लाभार्थी तक समय पर पेंशन पहुंचे।
मंत्री ने "हमारे बुज़ुर्ग, हमारा मान" नामक सर्वेक्षण को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए, ताकि कोई पात्र बुज़ुर्ग पेंशन से वंचित न रह जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि मृत लाभार्थियों के खातों में जमा राशि को वापस लेकर जरूरतमंदों को लाभ दिया जाए।
अब तक 43,644 नए पेंशन आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं। डॉ. बलजीत कौर ने इस प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया।
इस बैठक में विभाग के विशेष प्रमुख सचिव राजी पी. श्रीवास्तव (IAS), डायरेक्टर डॉ. शैना अग्रवाल (IAS) और जिला स्तर के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। सरकार का यह कदम लाखों लोगों को सामाजिक सुरक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।