Logo

विशाखापत्तनम में योग दिवस पर बोले पीएम मोदी-योग अब दुनिया का हिस्सा बन चुका है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आयोजित 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में कहा कि योग अब दुनिया भर के करोड़ों लोगों की ज़िंदगी का हिस्सा बन चुका है।

👤 Saurabh 21 Jun 2025 11:53 AM

शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि योग अब दुनिया भर में करोड़ों लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है। उन्होंने कहा कि योग अब स्वास्थ्य, शांति और एकता का एक वैश्विक आंदोलन बन गया है, जो किसी भी सीमा में बंधा नहीं है।

मोदी जी ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में हुए 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस बार योग दिवस का विषय था: "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग"।

इस कार्यक्रम में करीब 5 लाख लोगों ने हिस्सा लिया। योग सत्र विशाखापत्तनम के रामकृष्ण बीच से लेकर विजयनगरम जिले के भोगापुरम तक 26 किलोमीटर में फैला था।

इस आयोजन में प्रधानमंत्री मोदी के साथ-साथ आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नज़ीर, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और आईटी मंत्री नारा लोकेश भी शामिल हुए।

मोदी का संदेश

प्रधानमंत्री ने कहा कि योग अलग-अलग देशों, संस्कृतियों और पीढ़ियों के बीच पुल बनाता है। उन्होंने याद दिलाया कि 2014 में भारत ने संयुक्त राष्ट्र में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे दुनिया के 175 देशों ने समर्थन दिया।

मोदी ने कहा, “11 साल में योग दुनिया भर के करोड़ों लोगों की ज़िंदगी में शामिल हो गया है। यह अब सिर्फ एक कसरत नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मबल और संपूर्ण स्वास्थ्य का रास्ता है।”

उन्होंने बताया कि योग अब माउंट एवरेस्ट, महासागरों और सिडनी ओपेरा हाउस जैसे दुनिया के हर कोने में पहुंच चुका है। योग सभी के लिए है हर उम्र, हर जगह और हर परिस्थिति में।

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने योग को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, योग अब 175 देशों और 12 लाख जगहों पर किया जा रहा है। 22,000 आदिवासी छात्रों ने एक साथ सूर्य नमस्कार कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। 1.44 लाख योग प्रशिक्षकों ने अब तक रजिस्ट्रेशन कराया है। राज्य में "योग आंध्र" आंदोलन शुरू हो चुका है। अब "योग सुपर लीग" भी शुरू हो गई है।

नायडू ने कहा, “हम अपनी जीवनशैली बदलें और तेलुगु लोगों को एक नई पहचान दें।”

उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने कहा, “प्रधानमंत्री की वजह से योग अब गांव-गांव तक पहुंच चुका है। यह सिर्फ शरीर नहीं, बल्कि समाज और पूरी धरती के स्वास्थ्य के लिए है।” हम सब मिलकर ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ के लक्ष्य के लिए काम करें।”