Logo

मानसून की एंट्री से पहले ही बवाल! पंजाब में तेज हवाएं, बिजली और मूसलधार बारिश का कहर

पंजाब में मौसम एक बार फिर से करवट ले रहा है। राज्य में प्री-मानसून बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है.

👤 Sagar 20 Jun 2025 12:46 PM

पंजाब में मौसम एक बार फिर से करवट ले रहा है। राज्य में प्री-मानसून बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है. इसी बीच मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आगामी 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिमी मानसून पंजाब में पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा. इसके साथ ही कई जिलों में अगले सप्ताह तक भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका के मद्देनजर येलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 19 जून से 25 जून के बीच पंजाब के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो सकती है. खासकर 22 और 25 जून को बहुत भारी बारिश, जबकि 21 और 23 जून को भारी बारिश की संभावना है। वहीं 20 और 24 जून को भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं.

इन जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने येलो अलर्ट उन जिलों के लिए जारी किया है जहां आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसमें पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और संगरूर शामिल हैं. विशेष रूप से 20 जून को इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी है.

21 से 23 जून तक बारिश का कहर रहेगा जारी

21 और 22 जून- लुधियाना, पटियाला, जालंधर, नवांशहर, अमृतसर, संगरूर, रूपनगर और मानसा जैसे जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है.

23 जून- इस दिन पंजाब में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है। राज्य के अधिकतर जिलों में भारी बारिश और तूफानी हवाएं चल सकती हैं.

तापमान सामान्य लेकिन मानसून की मार तय

हालांकि बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन यह अब भी सामान्य के करीब बना हुआ है. आने वाले दिनों में लगातार बारिश के चलते तापमान में और गिरावट आ सकती है.