Logo

BBMB में खाली पद भरने की तैयारी: पंजाब सरकार बनाएगी अलग कैडर, 2500 से ज्यादा नौकरियों पर होगी भर्ती

पंजाब सरकार BBMB में लंबे समय से चली आ रही स्टाफ की कमी को खत्म करने के लिए अलग कैडर बनाने जा रही है। इसके तहत 2500 से अधिक खाली पदों को भरा जाएगा।

👤 Saurabh 22 Jan 2026 01:16 AM

भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) में लंबे समय से कर्मचारियों की भारी कमी बनी हुई है। इस समस्या को दूर करने के लिए पंजाब सरकार अब बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य सरकार ने BBMB के लिए एक विशेष कैडर (Special Cadre) बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि संगठन में खाली पड़े करीब 2500 पदों को भरा जा सके।

कैबिनेट और PPSC से मिली मंजूरी

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, पिछले साल पंजाब कैबिनेट ने BBMB में पंजाब के हिस्से के खाली पदों को भरने की मंजूरी दी थी। इसके बाद अब सिंचाई विभाग ने पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) से भर्ती प्रक्रिया की अनुमति ले ली है। BBMB कैडर से जुड़े भर्ती नियम तैयार किए जा रहे हैं और जल्द ही भर्ती का नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है।

कैसे होगी भर्ती प्रक्रिया

सूत्रों का कहना है कि BBMB के कुछ पद पंजाब सरकार के अलग-अलग विभागों से सरप्लस कर्मचारियों को एडजस्ट करके भरे जाएंगे, जबकि बाकी पदों पर सीधी भर्ती (Direct Recruitment) की जाएगी। इससे युवाओं को सरकारी नौकरी का बड़ा मौका मिलने की उम्मीद है।

क्या है BBMB कैडर और क्यों जरूरी

BBMB कैडर के तहत भर्ती होने वाले कर्मचारी केवल BBMB परियोजनाओं में ही तैनात रहेंगे। उन्हें दोबारा पंजाब सरकार के अन्य विभागों में ट्रांसफर नहीं किया जाएगा। पहले पंजाब कैडर के कर्मचारी BBMB में पोस्टिंग के बाद वापस राज्य में ट्रांसफर की मांग करते थे, जिससे बोर्ड में हमेशा स्टाफ की कमी बनी रहती थी।

पंजाब का हक लेकिन पोस्टें खाली

BBMB में पंजाब की हिस्सेदारी 52 प्रतिशत है और उसी अनुपात में पदों पर अधिकार भी। लेकिन पिछले करीब 20 सालों से पंजाब अपने हिस्से के पद नहीं भर पाया। नतीजा यह हुआ कि हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कर्मचारी BBMB में अहम पदों पर काबिज हो गए। खासतौर पर हरियाणा ने पांच साल पहले अपना अलग BBMB कैडर बनाकर स्थिति मजबूत कर ली।

रिटायरमेंट से और बिगड़ेगी स्थिति

इस साल BBMB के करीब 330 कर्मचारी रिटायर होने वाले हैं, जिससे स्टाफ की कमी और गंभीर हो सकती है। इस समय BBMB में 1486 तकनीकी पद खाली हैं, जिनमें 568 फोरमैन के पद शामिल हैं। ये पद डैम, टरबाइन, गेट और हाई-वोल्टेज लाइन की मरम्मत और रखरखाव के लिए बेहद जरूरी होते हैं।

पानी विवाद में भी दिखी कमी की मार

पिछले साल पंजाब और हरियाणा के बीच पानी बंटवारे को लेकर हुए विवाद के दौरान यह साफ हो गया कि BBMB में पंजाब की कमजोर मौजूदगी से राज्य की स्थिति कमजोर हुई। सरकार का मानना है कि नया कैडर बनने से प्रशासनिक पकड़ मजबूत होगी।