Punjab Politics: पंजाब की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्वनी शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए आम आदमी पार्टी की सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि खुद को ‘कट्टर ईमानदार’ बताने वाली सरकार के राज में राज्य में माइनिंग माफिया खुलेआम सक्रिय है और उस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो रही।
अश्वनी शर्मा ने आरोप लगाया कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार में अवैध खनन धड़ल्ले से चल रहा है। उनका कहना है कि पहले भी आम आदमी पार्टी के सांसद मलविंदर कंग ने अवैध माइनिंग की बात मानी थी। अब एक विभागीय अधिकारी के पत्र ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। भाजपा नेता के अनुसार, जल संसाधन और माइनिंग विभाग के एक एसडीओ ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में रूपनगर और आनंदपुर साहिब इलाके में कथित गड़बड़ियों का जिक्र किया है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि कुछ वरिष्ठ अधिकारी क्रशर मालिकों से हर महीने अवैध वसूली कर रहे हैं। इसके अलावा चेक पोस्टों पर अनियमितताओं और अवैध ट्रकों की आवाजाही की भी बात कही गई है।
अश्वनी शर्मा ने दावा किया कि जब संबंधित अधिकारी ने इन कथित अनियमितताओं का विरोध किया तो उसे कार्रवाई का भरोसा देने की बजाय निलंबन की धमकी दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई अधिकारी भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाता है, तो उसे सुरक्षा और समर्थन मिलना चाहिए, न कि दबाव।
भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या यही ‘रंगला पंजाब’ का सपना है, जहां भ्रष्टाचार करने वालों को संरक्षण और विरोध करने वालों को चेतावनी दी जाती है? उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हालात ऐसे बन गए हैं कि माफिया का प्रभाव बढ़ता जा रहा है।फिलहाल इन आरोपों पर राज्य सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, इस मुद्दे के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। आने वाले दिनों में इस मामले पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।