Logo

आज लगेगा साल का पहला चंद्र ग्रहण! जानें आपके शहर में कब और कितने समय तक दिखेगा 'ब्लड मून'

Chandra Grahan Timings: 3 मार्च 2026 यानी की आज साल का पहला आंशिक चंद्र ग्रहण लगेगा। यह भारत में चंद्रमा के उदय के समय दिखाई देगा और चंद्रमा लाल रंग का नजर आएगा। उत्तर-पूर्वी राज्यों में ये सबसे पहले दिखाई देगा।

👤 Ashwani Kumar 03 Mar 2026 03:26 PM

Chandra Grahan 2026: 3 मार्च 2026, मंगलवार को साल का पहला चंद्र ग्रहण लग रहा है। यह खंडग्रास (आंशिक) ग्रहण होगा। भारत में इसे ग्रस्तोदय के समय देखा जाएगा, यानी जब चंद्रमा उदय होगा, तब ग्रहण का अंतिम चरण दिखेगा। खास बात यह है कि इस दौरान चंद्रमा लाल रंग का नजर आएगा, जिसे आम भाषा में 'ब्लड मून' कहा जाता है। वैज्ञानिकों के अनुसार चंद्र ग्रहण को नंगी आँखों से सुरक्षित रूप से देखा जा सकता है।

क्यों कहते हैं 'ब्लड मून'?

ग्रहण के दौरान पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ती है। इस समय सूरज की रोशनी सीधे चंद्रमा तक नहीं पहुंच पाती, बल्कि पहले पृथ्वी के वायुमंडल से होकर गुजरती है। वायुमंडल में धूल और कण रोशनी को फैलाते हैं, लेकिन लाल रंग की किरणें आसानी से चंद्रमा तक पहुंच जाती हैं। इसी वजह से चंद्रमा लाल या तांबे जैसा दिखता है। इसे लोग आमतौर पर ‘ब्लड मून’ कहते हैं।

चंद्र ग्रहण को बिना किसी चश्मे के भी देखा जा सकता है। यह सूर्य ग्रहण की तरह आंखों के लिए हानिकारक नहीं है।

चंद्र ग्रहण का समय भारतीय समयानुसार

  • ग्रहण प्रारंभ (स्पर्श): दोपहर 3:20 बजे
  • ग्रहण मध्य: शाम 5:05 बजे
  • ग्रहण समाप्ति (मोक्ष): शाम 6:48 बजे
  • उपच्छाया समाप्ति: रात 7:55 बजे

हालांकि चंद्रमा शाम को उदय होगा, इसलिए भारत में केवल अंतिम चरण ही दिखाई देगा।

भारत में चंद्र ग्रहण की दृश्यता

  • अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में चंद्रमा सबसे पहले उदय होगा। यहां ग्रहण 6:15/6:20 से 6:48 बजे तक देखा जा सकेगा।
  • कोलकाता में 6:18 से 6:48 बजे तक, पटना में 6:20 से 6:48 बजे तक और रांची में 6:23 से 6:48 बजे तक। दिल्ली-एनसीआर, नोएडा, गाजियाबाद में 6:22 से 6:48 बजे तक।पंजाब और हरियाणा में भी लगभग यही समय रहेगा।
  • भोपाल में 6:23, इंदौर में 6:20, रायपुर में 6:21 से 6:48 बजे तक।
  • मुंबई 6:29, पुणे 6:28 और अहमदाबाद 6:28 से 6:48 बजे तक।
  • हैदराबाद 6:30, बेंगलुरु 6:28, चेन्नई 6:30 और कोच्चि 6:32 से 6:48 बजे तक।