Logo

Amritsar BSF: ड्रोन से हो रही 35 करोड़ की ड्रग्स तस्करी नाकाम, 7.47 किलो ICE जब्त

पंजाब के अमृतसर में बीएसएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हो रही नशा तस्करी की साजिश को नाकाम कर दिया।

👤 Saurabh 20 Jun 2025 05:14 PM

पंजाब के अमृतसर जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। BSF की अमृतसर सेक्टर टीम ने सीमावर्ती गांव मोड़े के खेतों से एक बड़ा ड्रोन और 7.47 किलो आईस (मेथाम्फेटामाइन) ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 35 करोड़ रुपये आंकी गई है।

यह ड्रोन न सिर्फ आकार में बड़ा था, बल्कि यह 8 से 10 किलो वजन ले जाने में सक्षम था, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और भी बढ़ गई है। अब तक तस्करों द्वारा छोटे ड्रोन इस्तेमाल किए जाते थे, लेकिन इस बार बड़ी खेप और बड़े ड्रोन का इस्तेमाल साफ संकेत देता है कि तस्करी के पैमाने और खतरे बढ़ रहे हैं।

ऑपरेशन की बड़ी सफलता, कड़ी निगरानी

यह ऑपरेशन बीएसएफ की खुफिया शाखा से मिली सटीक जानकारी के आधार पर चलाया गया था। जैसे ही संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली, जवानों ने रात में सुनियोजित कार्रवाई की और काउंटर-ड्रोन तकनीक की मदद से एक संदिग्ध ड्रोन को ट्रैक कर निष्क्रिय कर दिया।

तलाशी में, एक काले बैग से बंधा ड्रोन मिला, जिसमें से ICE से भरे सात पैकेट निकले। यह अब तक की सबसे बड़ी ICE की खेप है, जो पंजाब में ड्रोन के जरिए पकड़ी गई है।

नार्को-टेरर पर करारा प्रहार

BSF की ये त्वरित कार्रवाई न केवल तस्करों के इरादों पर पानी फेरने वाली है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सुरक्षा एजेंसियां अब सीमा पार से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ज्यादा सख्त और चौकस हो चुकी हैं। इस कार्रवाई से एक बार फिर यह संदेश गया है कि ड्रोन के ज़रिए भारत में घुसपैठ और तस्करी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।