Logo

अमृतसर में धमका, संदिग्ध आतंकी के हाथ में फटा बम, उड़े चिथड़े

अमृतसर के मजीठा रोड स्थित डिसेंट एवेन्यू कॉलोनी में मंगलवार सुबह जोरदार धमाका हुआ, जिसमें एक संदिग्ध आतंकी की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि मारा गया व्यक्ति किसी आतंकी संगठन के लिए काम करता था और वह यहां विस्फोटक या हथियारों की खेप उठाने आया था।

👤 Saurabh 27 May 2025 05:45 PM

पंजाब के अमृतसर में मंगलवार सुबह हुए जोरदार बम धमाके का रहस्य अब धीरे-धीरे साफ हो रहा है। जांच में सामने आया है कि धमाके में मारा गया व्यक्ति आतंकी गतिविधियों से जुड़ा था। पुलिस को शक है कि वह किसी आतंकी संगठन के लिए काम करता था और धमाके वाली जगह पर रखा विस्फोटक उठाने आया था, तभी बम उसके हाथ में फट गया।

यह घटना अमृतसर के मजीठा रोड स्थित डिसेंट एवेन्यू कॉलोनी के बाहर करीब 10 बजे हुई। धमाका इतना तेज था कि युवक के हाथ-पैर कटकर दूर जा गिरे। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। धमाके के कारण आसपास की झाड़ियों में आग भी लग गई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।

अमृतसर के एसएसपी मनिंदर सिंह ने कहा है कि पहले भी आतंकियों द्वारा हथियारों की खेप छिपाकर रखे जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस को शक है कि मारा गया युवक भी ऐसा ही विस्फोटक उठाने आया था।

बॉर्डर रेंज के डीआईजी सतिंदर सिंह ने भी पुष्टि की है कि युवक के पास से कुछ सबूत मिले हैं, जिससे साफ होता है कि वह किसी आतंकी संगठन से जुड़ा था। हालांकि, फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि उसका संबंध किस संगठन से था।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।