तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के रिश्ते को लेकर चल रहे विवाद पर अब अनुष्का के परिवार की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है। पहली बार अनुष्का के भाई आकाश यादव ने सार्वजनिक बयान देते हुए पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
उन्होंने कहा कि अनुष्का की पर्सनल लाइफ से जुड़े फैसलों का सम्मान होना चाहिए। साथ ही तेज प्रताप को पार्टी से बाहर किए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह कोई मुगल-ए-आजम का दौर नहीं है कि एक फेसबुक पोस्ट पर किसी को पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया जाए। ये सविंधान और लोकतंत्र का दौर है।
आकाश यादव ने कहा, "अनुष्का मेरी छोटी बहन है और उसका जो भी फैसला होगा, मैं एक बड़े भाई का फर्ज निभाऊंगा।" उन्होंने इस रिश्ते को लेकर किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि से इनकार किया और कहा कि शादी हुई है या नहीं, इस पर अनुष्का खुद ही बोलें तो बेहतर होगा। उन्होंने बताया कि अनुष्का इस समय घर पर ही है और इस विषय में बात करने का निर्णय उसका निजी होगा।
तेज प्रताप यादव को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से बाहर निकाले जाने पर आकाश ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, "क्या तेज प्रताप ने कोई अपराध किया है? क्या उन्होंने बलात्कार किया है या परिवार पर कोई दाग लगाया है? उन्हें पार्टी से बाहर करना निंदनीय है। लोकतंत्र में किसी को समाज का ठेकेदार नहीं बनना चाहिए।"
आकाश यादव ने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव का सम्मान करते हुए उनसे एक अहम अपील भी की। उन्होंने कहा, "मेरी बहन के चरित्र को लेकर जो अनर्गल बयानबाजी हो रही है, वह गलत है। मैं तेजस्वी यादव से कहना चाहता हूं कि अब दो परिवारों की इज्जत को संभालना उनकी जिम्मेदारी है।"
इस पूरे मामले में अनुष्का की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक बयान नहीं आया है, लेकिन उनके भाई के इस स्पष्ट और संयमित रुख ने विवाद को एक नई दिशा जरूर दे दी है।