Logo

लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में AAP की बड़ी जीत: संजीव अरोड़ा 10,637 वोटों से विजयी

लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा ने 10,637 वोटों से बड़ी जीत दर्ज की।

👤 Saurabh 23 Jun 2025 04:01 PM

लुधियाना: आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब के लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में एक और बड़ी राजनीतिक सफलता दर्ज की है। पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने भारी अंतर से जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार भारत भूषण आशु को 10,637 वोटों से हराकर सीट अपने नाम कर ली।

संजीव अरोड़ा को कुल 35,179 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण आशु को 24,542 वोट मिले। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जीवन गुप्ता सिर्फ 20,323 वोट ही हासिल कर पाए। यह जीत आम आदमी पार्टी की पंजाब में मजबूत होती पकड़ और लोगों के भरोसे का साफ संकेत है।


इस जीत को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने खुशी जताई है। AAP पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि यह जीत पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान की जनहितैषी नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि लुधियाना पश्चिम की जनता ने एक बार फिर दिखा दिया है कि वे ईमानदार, पारदर्शी और विकासोन्मुखी राजनीति के साथ हैं।

लुधियाना पश्चिम सीट पूर्व विधायक गुरप्रीत गोगी की दुखद मौत के बाद खाली हुई थी। गोगी ने इस सीट पर आम आदमी पार्टी की मजबूत पकड़ बनाई थी और अब संजीव अरोड़ा की जीत ने उस भरोसे को और मजबूत किया है।

पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं का आभार जताया और इसे पंजाब के विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया। संजीव अरोड़ा की यह जीत न केवल क्षेत्रीय स्तर पर, बल्कि राज्य की राजनीति में भी आम आदमी पार्टी को नई ऊर्जा देगी।

पंजाब में 2022 के विधानसभा चुनावों के बाद यह उपचुनाव आम आदमी पार्टी के लिए एक लिटमस टेस्ट माना जा रहा था, जिसमें पार्टी ने न केवल बढ़त बरकरार रखी, बल्कि पिछले चुनाव से अधिक वोटों से जीत दर्ज की।

इस नतीजे से स्पष्ट है कि जनता आज भी भगवंत मान सरकार पर भरोसा करती है और AAP के विकास मॉडल को आगे बढ़ता देखना चाहती है।