पंजाब की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार 2022 के बाद सातवीं बार मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रही है. इस बार लुधियाना पश्चिम से नव-निर्वाचित विधायक संजीव अरोड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी. अरोड़ा की नियुक्ति को पहले से तय माना जा रहा था, क्योंकि खुद अरविंद केजरीवाल ने चुनाव प्रचार के दौरान यह वादा किया था.
सूत्रों के अनुसार, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया 1 बजे राजभवन में अरोड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाएंगे. माना जा रहा है कि अरोड़ा को उनकी रुचि और पृष्ठभूमि को देखते हुए स्वास्थ्य या उद्योग विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है.
लुधियाना पश्चिम उपचुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जनता से कहा था कि अगर वे संजीव अरोड़ा को जिताते हैं, तो उन्हें मंत्री बना दिया जाएगा. चुनाव में जीत के बाद अब यह वादा पूरा होने जा रहा है. संजीव अरोड़ा ने हाल ही में राज्यसभा से इस्तीफा दिया था। उन्होंने अपना इस्तीफा सभापति जगदीप धनखड़ को भेजा, जिसे स्वीकृत कर लिया गया है. अरोड़ा को 2022 में पंजाब से राज्यसभा भेजा गया था और उनका कार्यकाल 2028 तक था, लेकिन विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने यह पद छोड़ा.
माना जा रहा है कि अरोड़ा को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी दी जा सकती है, जो फिलहाल डॉ. बलबीर सिंह के पास है. इसके अलावा उद्योग विभाग भी उनके हवाले किया जा सकता है, जो अभी हरदीप सिंह मुंडियां के पास है. हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है. आप पार्टी ने पहले दो मंत्रियों को शामिल करने का विचार किया था, लेकिन विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के कारण अब तरनतारन विधानसभा उपचुनाव होने हैं. ऐसे में पार्टी ने रणनीतिक तौर पर एक कैबिनेट पद खाली रखने का निर्णय लिया है ताकि उपचुनाव के दौरान मतदाताओं से वादा किया जा सके कि उनके विधायक को भी मंत्री बनाया जाएगा.