Logo

ऑपरेशन सिंदूर के कारण छूटे पेपर पर दिल्ली विश्वविद्यालय का बड़ा फैसला

दिल्ली विश्वविद्यालय ने 13, 14 और 15 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान परीक्षा में शामिल नहीं हो पाने वाले छात्रों को राहत देते हुए दोबारा परीक्षा देने का मौका दिया है।

👤 Saurabh 01 Jul 2025 05:10 PM

दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने "ऑपरेशन सिंदूर" के दौरान परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए छात्रों को राहत दी है। डीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर गुरप्रीत सिंह टुटेजा ने जानकारी दी कि 13, 14 और 15 मई 2025 को कुछ छात्र अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण अपनी परीक्षाएं नहीं दे सके थे। विश्वविद्यालय ने इन छात्रों को दोबारा परीक्षा देने का अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया है।

प्रो. टुटेजा ने बताया कि जिन छात्रों की परीक्षाएं ऑपरेशन सिंदूर के दौरान छूटी थीं, वे गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन करके फिर से परीक्षा में भाग ले सकते हैं। यह अवसर केवल शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) के छात्रों के लिए है।

इच्छुक छात्रों को https://forms.gle/zkWJxTQiVf73ft7j6 लिंक के माध्यम से आवेदन करना होगा। फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 10 जुलाई 2025 (गुरुवार) रात 11:59 बजे तक तय की गई है।

हालांकि, आवेदन के साथ छात्रों को यह भी प्रमाणित करना होगा कि वे संबंधित तिथियों पर दिल्ली में उपस्थित नहीं हो सके थे। इसके लिए दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत करना अनिवार्य है।

दिल्ली विश्वविद्यालय का यह कदम छात्रों के हित में एक सहानुभूतिपूर्ण निर्णय माना जा रहा है, जिससे उन छात्रों को न्याय मिलेगा जो अनचाही परिस्थितियों के कारण परीक्षा नहीं दे पाए थे।