दिल्ली इन दिनों एक भीषण हीटवेव का सामना कर रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए 10 और 11 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी में लू जैसे हालात बन गए हैं, जहां तापमान 50 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हो रहा है, जबकि असल में यह लगभग 45 डिग्री के आसपास है।
IMD के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में लू की स्थिति बनी रहेगी। दिल्ली के रिज स्टेशन पर मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, आयानगर में 45.3 डिग्री, पालम में 44.3 डिग्री, और इग्नू में 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
दिल्ली का "हीट इंडेक्स" यानी आर्द्रता के कारण महसूस होने वाला तापमान लगभग 49-50 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन पर खासा असर पड़ रहा है। सफदरजंग और लोधी रोड जैसे क्षेत्रों में भी तापमान 43 डिग्री से ऊपर रहा।
दिल्ली के अलावा पंजाब और हरियाणा में भी लू की चेतावनी दी गई है। हरियाणा के सिरसा में 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
जहां उत्तर भारत गर्मी से झुलस रहा है, वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून सक्रिय हो गया है। IMD ने कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा, असम, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा और ओडिशा में भी बारिश होने की उम्मीद है।
जनता को सलाह दी गई है कि अत्यधिक गर्मी से बचने के लिए घर के अंदर रहें, पर्याप्त पानी पीते रहें और आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें।