दिल्ली की तिहाड़ की मंडोली जेल से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां जेल नंबर 15 में कुख्यात गैंगस्टर सलमान त्यागी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक, जेल प्रशासन को त्यागी का शव एक चादर से लटका हुआ मिला। यह घटना सामने आते ही जेल में हड़कंप मच गया और तुरंत जांच शुरू कर दी गई।
सलमान त्यागी का नाम कई गंभीर अपराधों से जुड़ा रहा है। उस पर हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और मकोका जैसे कई संगीन मामले दर्ज थे। पुलिस और अदालतों में उसके खिलाफ लंबे समय से मुकदमे चल रहे थे। हाल ही में उसे एक बड़े मामले में कोर्ट से राहत भी मिली थी।
दरअसल, सलमान त्यागी पर तिहाड़ जेल के डिप्टी जेल सुपरिंटेंडेंट पर हमला करने का आरोप था। यह मामला साल 2021 का है, जब हरि नगर थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। आरोप था कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के दौरान पेशी के समय उसने वीसी रूम में डिप्टी जेल सुपरिंटेंडेंट से हाथापाई और मारपीट की थी। इस मामले में सुनवाई दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में चल रही थी।
कोर्ट ने सबूतों और दलीलों पर गौर करने के बाद हाल ही में सलमान त्यागी को बरी कर दिया। अदालत का कहना था कि अभियोजन पक्ष आरोपों को पुख्ता सबूतों के साथ साबित नहीं कर सका। साथ ही, कोर्ट ने यह भी कहा कि एफआईआर दर्ज करने में देर हुई और शिकायत दर्ज करने से पहले शिकायतकर्ता के पास पर्याप्त समय था, जिससे शक पैदा होता है कि रिपोर्ट को जानबूझकर तोड़ा-मरोड़ा गया होगा। इस वजह से अदालत ने उसे इस केस से बरी कर दिया था।
हालांकि, जेल में आत्महत्या की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल प्रशासन का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। सलमान त्यागी का आपराधिक बैकग्राउंड और हाल ही में कोर्ट से मिली राहत दोनों ही बातें इस घटना को और भी चर्चा का विषय बना रही हैं।